पिथौरागढ़: डीएम ने किया जनगणना के द्वितीय चरण के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ; 16 नवंबर से शुरू होगा ‘सेल्फ एनुमरेशन’।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आज जनपद में जनगणना के द्वितीय चरण हेतु आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में कुल 80 प्रशिक्षु भाग ले रहे हैं, जिनमें 17 चार्ज जनगणना अधिकारी, टेक्निकल असिस्टेंट और अन्य कार्मिक शामिल हैं। प्रशिक्षण में जनगणना निदेशालय, देहरादून से पहुंचे मास्टर ट्रेनर्स अनुपम आर्य, अरविंद कुमार सिंह एवं बालम सिंह दानू द्वारा कार्मिकों को जनगणना की तकनीकी बारीकियों और प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
नीति निर्माण का आधार हैं जनगणना के आंकड़े: डीएम
प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना राष्ट्र के नीति निर्माण में अत्यंत अहम भूमिका निभाती है। यह एक संवेदनशील और राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जिसे पूरी गंभीरता, सावधानी और जवाबदेही के साथ पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने कार्मिकों को निर्देश दिए कि फील्ड में उतरने से पहले प्रशिक्षण के दौरान अपनी सभी शंकाओं का समाधान अवश्य कर लें, ताकि वास्तविक कार्य के दौरान कोई तकनीकी या व्यावहारिक बाधा न आए। डीएम ने कार्य में पूर्ण शुद्धता, गोपनीयता और पारदर्शिता बरतने पर विशेष बल दिया।
16 नवंबर से ‘सेल्फ एनुमरेशन’, प्रत्येक परिवार से पूछे जाएंगे 40 प्रश्न
जनगणना के इस द्वितीय चरण में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक नागरिकों के लिए ‘सेल्फ एनुमरेशन’ (स्वतः गणना) की ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके बाद 1 जनवरी से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक (Enumerator) घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे। पूरी प्रक्रिया को 5 जनवरी 2027 की मध्यरात्रि तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस चरण के दौरान प्रत्येक परिवार से लगभग 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि नागरिकों द्वारा साझा किया गया डेटा पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
सेल्फ एनुमरेशन से प्रगणकों और नागरिकों दोनों को होगी सुविधा: एडीएम
अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि जो नागरिक तय समय-सीमा के भीतर सेल्फ एनुमरेशन पूरा कर लेंगे, उन्हें प्रगणकों के घर पहुंचने पर केवल संबंधित विवरण दिखाना होगा। इससे समय की बचत होगी और पूरी प्रक्रिया सुगम बनेगी।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, सभी तहसीलों के तहसीलदार, नगर निगम पिथौरागढ़ के सहायक नगर आयुक्त, निकायों के अधिशासी अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) उपस्थित रहे।

