गंगोलीहाट में छात्रसंघ चुनाव से पहले ABVP में बगावत: टिकट वितरण से नाराज नगर इकाई के पदाधिकारियों का सामूहिक इस्तीफा।

गंगोलीहाट संवाददाता।
गंगोलीहाट राजकीय महाविद्यालय गंगोलीहाट के आगामी छात्रसंघ चुनाव से ठीक पहले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) में बड़ा राजनीतिक भूचाल आ गया है। टिकट वितरण से असंतुष्ट नगर इकाई के तमाम पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन की प्राथमिक सदस्यता और अपने दायित्वों से सामूहिक त्यागपत्र दे दिया है। चुनाव से ऐन पहले हुए इस सामूहिक इस्तीफे से स्थानीय छात्र राजनीति में हड़कंप मच गया है।
- बंद कमरे में मनमानी और तानाशाही का आरोप
इस्तीफा देने वाले पदाधिकारियों का आरोप है कि प्रत्याशी चयन में संगठन के प्रति निष्ठावान और जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की अनदेखी की गई है। स्थानीय इकाई की राय लिए बिना ‘बंद कमरे’ में तानाशाही तरीके से टिकट बांटे गए। कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि वर्षों से परिषद के लिए पसीना बहाने वाले समर्पित चेहरों को किनारे कर बाहरी लोगों और अन्य संगठनों के प्रभाव में टिकट तय किए गए हैं।
- इन प्रमुख चेहरों ने छोड़े पद
संगठन के निर्णयों को अलोकतांत्रिक बताते हुए नगर इकाई के कई प्रमुख नेताओं ने दायित्वों से मुक्ति का ऐलान किया। त्यागपत्र देने वालों में मुख्य रूप से शामिल हैं:
- अमित वर्मा (नगर मंत्री)
- गौरव बोरा (पूर्व नगर मंत्री)
- किशन भाटिया (नगर सह मंत्री)
- करन कुमार टम्टा (नगर सोशल मीडिया संयोजक)
- हिमांशु सिंह जरमाल (नगर सह सोशल मीडिया संयोजक)
- महाविद्यालय की छात्र राजनीति में मची हलचल
छात्रसंघ चुनाव की सरगर्मियों के बीच एबीवीपी जैसी मजबूत छात्र इकाई में इस बगावत ने पूरे चुनावी समीकरण को बदल कर रख दिया है। एक साथ शीर्ष पदाधिकारियों के संगठन छोड़ने से परिषद के आधिकारिक प्रत्याशियों की राह कठिन मानी जा रही है, वहीं विरोधी गुटों और निर्दलीय दावेदारों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं।

