वड्डा–अड़किनी–क्वीतड़ मोटर मार्ग के सुदृढ़ीकरण पर प्रशासन का जोर, एसडीएम ने किया निरीक्षण।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
पिथौरागढ़। जनपद में सड़कों को गड्ढामुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने युद्ध स्तर पर कवायद शुरू कर दी है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देशों के तहत लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा वड्डा–अड़किनी–क्वीतड़ मोटर मार्ग पर सड़क सुदृढ़ीकरण एवं गड्ढों की मरम्मत का कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान मार्ग पर बड़े गड्ढों को पाटने के साथ-साथ संवेदनशील स्थानों पर डामरीकरण (पैचवर्क) का कार्य कराया गया, ताकि आम जनता और वाहन चालकों को आवागमन में किसी तरह की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को दो टूक निर्देश दिए हैं कि जिले की सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत की जाए और यातायात व्यवस्था को सुगम व सुरक्षित रखा जाए। प्रशासन की ओर से इन कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा हो सके।

