FEATUREDGeneralLatestNewsPoliticspputtarakhandउत्तराखंडदेहरादूनराज्य

गंगोलीहाट विधायक ने सीएम धामी को तीन पत्र सौपे, उत्तराखंड में IISER की स्थापना, चौकोड़ी-बेरीनाग में मालिकाना हक और सड़क निर्माण की मांग। 

देहरादून संवाददाता। 

​देहरादून/पिथौरागढ़: गंगोलीहाट से विधायक फकीर राम टम्टा ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर राज्य और अपने विधानसभा क्षेत्र से जुड़े तीन बड़े मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई का अनुरोध किया है। इन पत्रों में राज्य में विश्वस्तरीय शोध संस्थान की स्थापना, दशकों से बसे परिवारों को जमीन का अधिकार दिलाने और ग्रामीण सड़क निर्माण की मांग प्रमुखता से शामिल है।

  • ​1. उत्तराखंड में भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER) की स्थापना की मांग

​विधायक ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा कि उत्तराखंड हिमालयी जैव विविधता, जल संसाधन, जलवायु और प्राकृतिक परिस्थितियों के कारण वैज्ञानिक शोध के लिए एक जीवंत प्रयोगशाला की तरह है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि राज्य की युवा प्रतिभाओं को उच्चस्तरीय विज्ञान और नवाचार से जोड़ने के लिए केंद्र सरकार को IISER (Indian Institute of Science Education and Research) की स्थापना का प्रस्ताव भेजा जाए। इससे पर्वतीय क्षेत्र के युवाओं को लाभ मिलेगा और पूरे हिमालयी क्षेत्र की चुनौतियों पर शोध को बढ़ावा मिलेगा।

  • ​2. चौकोड़ी और बेरीनाग में 25 हजार लोगों को मालिकाना हक देने की अपील

​एक अन्य महत्वपूर्ण पत्र में विधायक ने चौकोड़ी व बेरीनाग क्षेत्र की भूमि एडीएम कोर्ट के माध्यम से सरकार में निहित होने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि उक्त भूमि पर पूर्व में चाय बागान, डेयरी और लीसा फैक्ट्री में काम करने वाले कई भूमिहीन मजदूर आजादी से पहले से बसे हैं, जबकि कई परिवारों ने स्टांप व बॉन्ड के जरिए जमीन खरीदी थी।

विधायक ने मांग की कि दशकों से यहां निवासरत 20 से 25 हजार लोगों को राहत देते हुए उन्हें श्रेणी 1-क में दर्ज कर निःशुल्क भूमिधरी मालिकाना हक प्रदान किया जाए।

  • ​3. कोठेरा से अम्बिका मंदिर तक सड़क निर्माण का प्रस्ताव। 

​तीसरे पत्र में गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोठेरा से अम्बिका मंदिर तक सड़क संपर्क की मांग उठाई गई है। विधायक टम्टा ने बताया कि इस मार्ग के निर्माण से स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के आवागमन में बड़ी सुविधा होगी। उन्होंने जनहित को देखते हुए संबंधित विभाग को तत्काल सड़क निर्माण की कार्यवाही शुरू करने के निर्देश देने की मांग की।

Share This News