बदरीनाथ हाईवे पर देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी का वाहन दुर्घटनाग्रस्त, बाल-बाल बचे।

श्रीनगर संवाददाता।
श्रीनगर/देवप्रयाग: उत्तराखंड में लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। सोमवार को देवप्रयाग विधानसभा सीट से विधायक विनोद कंडारी का वाहन भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। हादसे में विधायक को मामूली चोटें आई हैं और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, विधायक विनोद कंडारी सोमवार को अपने वाहन से श्रीनगर से कीर्तिनगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर उफल्डा के समीप विपरीत दिशा (सामने) से तेज गति में आ रहे एक अन्य वाहन ने विधायक की गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि एयरबैग और सुरक्षा उपायों के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना में विधायक विनोद कंडारी को हल्की चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सुरक्षित बताया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

