बेरीनाग के नागौर में श्रमिक जागरूकता शिविर का आयोजन, सरकारी योजनाओं और श्रम कार्ड की दी गई जानकारी।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
बेरीनाग नागौर क्षेत्र के श्रमिकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आज नागौर में श्रम विभाग एवं डीटीआर ऑर्गेनिक प्रा. लि. (DTR Organic Pvt. Ltd.) के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर के दौरान प्रशिक्षक कमल पंत एवं प्रशिक्षिका गीता पंत ने उपस्थित श्रमिकों को श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने श्रमिकों को इन योजनाओं के माध्यम से मिलने वाले आर्थिक और सामाजिक लाभों के बारे में अवगत कराया।
इसके साथ ही, कार्यक्रम में श्रम कार्ड (ई-श्रम/श्रमिक कार्ड) के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षकों ने नए पंजीकरण की प्रक्रिया और पुराने कार्डों के समय पर नवीनीकरण (रिन्यूअल) कराने के तरीकों को सरल भाषा में समझाया, ताकि कोई भी पात्र श्रमिक सरकारी सहायता से वंचित न रहे।
आयोजकों ने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य श्रमिक वर्ग को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक कर उन्हें इनका अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित करना है। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रमिकों ने प्रतिभाग कर योजनाओं से जुड़ी अपनी शंकाओं का समाधान भी प्राप्त किया।

