मुनस्यारी: पहाड़ी से गिरे बोल्डरों की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत, साथी गंभीर घायल।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
मुनस्यारी-जोहारा मोटर मार्ग पर बुगडियार के पास हुआ हादसा, मजदूरी करने जा रहे थे दोनों युवक।
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। मुनस्यारी-जोहारा मोटर मार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बुगडियार के समीप पहाड़ी से अचानक गिरे भारी बोल्डरों और पत्थरों की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, साईपोलो गांव निवासी भुवन कुमार (26) पुत्र नरी राम और प्रदीप कुमार पुत्र चंद्र राम बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे मजदूरी करने के लिए मोटरसाइकिल से घर से निकले थे। जैसे ही दोनों बुगडियार के पास पहुंचे, ऊपर पहाड़ी से अचानक पत्थरों के साथ भारी बोल्डर गिरने लगे। दोनों युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे सीधे बोल्डरों की चपेट में आ गए। इस हादसे में भुवन कुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही सीमा सड़क संगठन (BRO) के जवान तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मुनस्यारी पहुंचाया गया। अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. गौरव कुमार ने जांच के बाद भुवन कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, प्रदीप कुमार के सिर में गंभीर चोटें आने और उसकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
सूचना मिलने पर मुनस्यारी के उपजिलाधिकारी डॉ. ललित मोहन तिवारी, उपनिरीक्षक प्रदीप कोहली और पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, हादसे की खबर साईपोलो गांव पहुंचते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।

