berinagboranimelaFEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

बौराणी कौतिक के दूसरे दिन उमड़ा जनसैलाब, आज मध्यरात्रि निकलेगी 27 फीट लंबी ऐतिहासिक मशाल।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल। 

​बेरीनाग (पिथौरागढ़)। क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति और आस्था के प्रतीक ऐतिहासिक ‘बौराणी कौतिक एवं लोक सांस्कृतिक महोत्सव-2026’ के दूसरे दिन मंगलवार (24 नवंबर) को मेला परिसर में श्रद्धालुओं और दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। दिनभर विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्थानीय लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने समां बांधे रखा। वहीं, अब सभी को रात में निकलने वाली ऐतिहासिक मशाल का बेसब्री से इंतजार है।

​महोत्सव के दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना गंगोला उपस्थित रहीं। वहीं, विशिष्ट अतिथि के तौर पर भाजपा सोशल मीडिया प्रभारी (बेरीनाग) निखिल पंत ने शिरकत की। आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों का पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इससे पूर्व, सोमवार रात्रि ‘दर्पण कला मंच, पिथौरागढ़’ के कलाकारों द्वारा शानदार संगीतमय कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनका दर्शकों ने देर रात तक आनंद लिया।

  • ​आज मध्यरात्रि होगा मुख्य आकर्षण: 27 फीट लंबी मशाल यात्रा

मेले का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक आकर्षण आज (मंगलवार) कार्तिक पूर्णिमा की मध्यरात्रि (रात 11:15 बजे) देखने को मिलेगा, जब भव्य मशाल झांकी निकाली जाएगी। इसे देखने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु बौराणी पहुंच चुके हैं।

​क्या है खासियत: करीब 27 फीट लंबी और ढाई कुंतल वजनी यह विशाल मशाल चीड़ की ज्वलनशील लकड़ी (छिलके/छिल्ले) से तैयार की गई है।

  • ​आस्था का सफर: ग्राम पंचायत डोबरगाड़ा के ग्रामीणों द्वारा इसे सस्योड़ा गांव में तैयार किया जाता है। आज रात ग्रामीण ढोल-नगाड़ों और देव जयकारों के बीच 5 किलोमीटर की दुर्गम व खड़ी चढ़ाई पार करते हुए इस जलती मशाल को कंधों पर उठाकर बौराणी मंदिर तक लाएंगे।
  • ​रात्रिकालीन कार्यक्रम: मशाल यात्रा के साथ ही आज रात मेले में लक्की ड्रॉ और रंगारंग ‘स्टार नाइट’ का भी आयोजन किया जाएगा।

​समिति के पदाधिकारी व गणमान्य रहे उपस्थित

दूसरे दिन के इस भव्य आयोजन में बौराणी कौतिक एवं सांस्कृतिक समिति (रजि.) के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बोरा ‘शिवजी’ (पूर्व जिला पंचायत सदस्य), उपाध्यक्ष चंदन सिंह बोरा ‘पंकु’ (ग्राम प्रधान सुकना व महामंत्री प्रधान संगठन गंगोलीहाट), उपाध्यक्ष सुनीता देवी (ग्राम प्रधान चाकबोरा), उपाध्यक्ष एवं व्यवस्थापक प्रकाश सिंह, सचिव ममता बोरा (पूर्व प्रधान झलतोला), सहसचिव अनिल कुमार व सपना बोरा, कोषाध्यक्ष केसर सिंह बोरा (ग्राम प्रधान झलतोला), उपकोषाध्यक्ष पंकज सिंह बोरा, संयोजक गोकुल सिंह बोरा (पूर्व अध्यक्ष मेला कमेटी), सांस्कृतिक संयोजक लोक गायक कल्याण बोरा, कमल सिंह कार्की, अर्चना बोरा व पूजा बोरा उपस्थित रहे।

​इसके साथ ही संरक्षक दीवान सिंह बोरा (पूर्व अध्यक्ष मेला कमेटी) व महेश राम लोहिया (पूर्व जिला पंचायत सदस्य), स्वागत समिति के संयोजक प्रकाश सिंह बोरा (सहायक अध्यापक), सपना बोरा व राजेंद्र सिंह (कोषाध्यक्ष, श्री सैम मंदिर सेवा समिति) सहित युवक मंगल दल चाकबोरा का विशेष सहयोग रहा। इस मौके पर राकेश डसीला, टुपरोली प्रधान गणेश गंगोला, पूर्व प्रधान विनोद डसीला, गणाई के पूर्व मंडल महामंत्री मोहन जोशी, विक्की डसीला, गणाई मंडल महामंत्री ओम प्रकाश सहित समस्त ज्येष्ठ-श्रेष्ठ कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।

Share This News