छलिया टीम की लापरवाही से विवाह में खलल, 6 घंटे देरी से पहुंची बारात; पुलिस कार्रवाई की तैयारी।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
बेरीनाग (पिथौरागढ़)। शादी के दिन ढोल-नगाड़े और छलिया नृत्य टीम के समय पर न पहुंचने के कारण दूल्हा और दुल्हन दोनों पक्षों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। 40 हजार रुपये में बुकिंग तय होने और एडवांस लेने के बावजूद ठेकेदार ने ऐन वक्त पर अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया, जिससे बारात निर्धारित समय से करीब 6 घंटे की देरी से दुल्हन के घर पहुंच सकी।
क्या है पूरा मामला?
मामला पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग क्षेत्र अंतर्गत पुराना थल उपराड़ा गांव का है। यहां निवासी रोहित की शादी 26 नवंबर को पांखू प्रेमनगर के बमरद गांव निवासी रजनी के साथ तय थी। विवाह समारोह को यादगार बनाने के लिए दूल्हा पक्ष ने गंगोलीहाट के पाली पोखरी की ढोल-नगाड़े और छलिया नृत्य टीम के ठेकेदार से 40 हजार रुपये में सौदा तय किया था। इसके लिए बकायदा 10 हजार रुपये एडवांस भी दिए गए थे।
ऐन वक्त पर ठेकेदार ने दिया धोखा
शादी के दिन घर में खुशियों का माहौल था और सभी बारात निकलने का इंतजार कर रहे थे। जब तय समय तक छलिया टीम नहीं पहुंची, तो परिजनों ने ठेकेदार से संपर्क किया। शुरुआत में ठेकेदार जल्द पहुंचने का आश्वासन देता रहा, लेकिन काफी समय बीतने के बाद उसने अपना फोन ही स्विच ऑफ कर लिया।
वैकल्पिक व्यवस्था के बाद रवाना हुई बारात
ठेकेदार के फोन बंद करने से दूल्हा पक्ष में हड़कंप मच गया और उधर दुल्हन पक्ष भी बारात के इंतजार में परेशान होने लगा। आनन-फानन में दूसरी टीम की तलाश शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद पांखू संगोड़ से दूसरी ढोल-नगाड़े और छलिया नृत्य टीम बुलाई गई। इसके बाद दोपहर करीब दो बजे बारात रवाना हुई और शाम 6:30 बजे दुल्हन के गांव बमरद पहुंची। विवाह की सभी रस्में पूरी होने के बाद रात करीब 12 बजे दुल्हन की विदाई हो सकी।
पुलिस में शिकायत दर्ज कराएगा पीड़ित पक्ष।
दूल्हे रोहित ने बताया कि ठेकेदार की इस लापरवाही से दोनों परिवारों के खुशी के मौके पर खलल पड़ा और घंटों मानसिक तनाव झेलना पड़ा। अब दूल्हा पक्ष धोखाधड़ी और लापरवाही को लेकर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अभी तक कोई ऐसा मामला नही आया है।

