राजकीय महाविद्यालय गंगोलीहाट में ‘देवभूमि उद्यमिता योजना’ के अंतर्गत एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित।

गंगोलीहाट संवाददाता।
गंगोलीहाट। उच्च शिक्षा विभाग उत्तराखंड एवं भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान के संयुक्त तत्वाधान में शहीद पवन सिंह सुगड़ा राजकीय महाविद्यालय, गंगोलीहाट में ‘देवभूमि उद्यमिता योजना’ के तहत एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मधु केश गुप्ता, नोडल अधिकारी डॉ. हेमा मेहरा, संयोजक जयेंद्र विक्रम एवं प्राध्यापकों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
उद्घाटन संबोधन में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मधु केश गुप्ता ने विद्यार्थियों को स्थानीय संसाधनों व पारंपरिक कौशल के आधार पर स्वरोजगार और उद्यमिता से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज का युवा वर्ग उद्यमिता के माध्यम से ‘आत्मनिर्भर उत्तराखंड’ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
योजना की नोडल अधिकारी डॉ. हेमा मेहरा ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए आगामी बूट कैंप, उद्यमिता विकास कार्यक्रम (EDP) और मेगा स्टार्टअप समिट की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने महाविद्यालय में पूर्व में आयोजित उद्यमिता संबंधी गतिविधियों एवं उनकी उपलब्धियों का भी ब्योरा साझा किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान के प्रोजेक्ट ऑफिसर जयेंद्र विक्रम ने विद्यार्थियों को उद्यमिता, नवाचार के विभिन्न आयामों और स्टार्टअप इकोसिस्टम की संभावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने समस्याओं की पहचान, नए विचारों का सृजन, अवसरों का मूल्यांकन तथा व्यावसायिक विचारों को बाजार तक पहुँचाने की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके अतिरिक्त, उन्होंने स्टार्टअप व पारंपरिक व्यवसाय के अंतर को स्पष्ट करते हुए व्यवसाय के लिए पूँजी जुटाने के विभिन्न स्रोतों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को योजना के तहत मिलने वाले प्रशिक्षण, मेंटरशिप, वेंचर डेवलपमेंट सपोर्ट और वित्तीय सहायता के बारे में भी बताया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

