मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के मुताबिक फिलहाल दिसंबर पहले सप्ताह में मौसम शुष्क रहने की संभावना।
एनएचएल नेटवर्क।
देहरादून। उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम का मिजाज शुष्क बना हुआ है ,अक्टूबर के बाद नवंबर का महीना भी बारिश- बर्फबारी ना होने के चलते शुष्क रहा। वहीं आज दिसंबर की पहली तारीख है, पहाड़ की ऊंची चोटियां बर्फबारी ना होने के चलते सूखी पड़ी हुई है। जबकि मैदानी क्षेत्रों में सूखी ठंड का प्रकोप धीरे-धीरे बढ़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के मुताबिक फिलहाल दिसंबर पहले सप्ताह में मौसम शुष्क रहने की संभावना है ,यानी बारिश के आसार नहीं है। वहीं आने वाले दिनों में कोहरा और पाला पड़ने से ठंड में बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक 1 दिसंबर से लेकर 6 दिसंबर तक प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 2 दिसंबर से सुबह -शाम पाला पड़ने और कोहरा छाने की संभावना जताई गई है जिसके बाद रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने से ठंड में बढ़ोतरी होगी।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉक्टर विक्रम सिंह के मुताबिक दिसंबर पहले सप्ताह में प्रदेश का मौसम शुष्क रहने की संभावना है। रात के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है। दिन में धूप खिलने से अधिकतम तापमान सामान्य रहेगा। उन्होंने बताया फिलहाल दिसंबर पहले सप्ताह में वर्षा की संभावना नहीं है। दिसंबर प्रथम सप्ताह में रात के तापमान में और कमी आने की संभावना है।तापमान की स्थिति
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार इस सप्ताह औसत तापमान अधिकतम 25 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। शनिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया ,पंतनगर का अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 18 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा ,नई टिहरी का अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
