मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक आज प्रदेश के 10 जिलों में भारी से भारी बारिश की संभावना।

एनएचएल नेटवर्क।
देहरादून। उत्तराखंड राज्य में पिछले एक हफ्ते से लगातार मानसूनी बारिश का सिलसिला जारी है। पिछले 24 घंटे के भीतर देहरादून सहित गढ़वाल मंडल के तमाम जनपदों और कुमाऊं मंडल के पर्वतीय जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हुई। सबसे अधिक कालसी में 103 मिमी और सहस्त्रधारा में 65.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी लेटेस्ट मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक आज प्रदेश के 10 जिलों में भारी से भारी बारिश की संभावना है इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है जबकि अन्य जनपदों में वर्षा के तीव्र दौर का येलो अलर्ट जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार आज 8 अगस्त शुक्रवार को उत्तराखंड राज्य के उत्तरकाशी ,रूद्रप्रयाग ,चमोली ,नैनीताल ,चंपावत ,बागेश्वर, अल्मोड़ा ,पिथौरागढ़, पौड़ी और उधम सिंह नगर जनपदों में गरज-चमक के साथ भारी से भारी बारिश की संभावना है ,इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं देहरादून ,टिहरी और हरिद्वार जिले में वर्षा के तीव्र दौर का येलो अलर्ट जारी है।
11 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश में 11 अगस्त तक भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो प्रदेश में अगले तीन- चार दिन भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। आईएमडी द्वारा 10 और 11 अगस्त को बारिश में और तेजी आने के आसार जताए गए हैं।
उत्तरकाशी जिले के इन विकासखंडों में आज स्कूल बंद
जनपद के विकास खण्ड भटवाडी के हर्षिल, बन्द्राणी, सौरा एवं कल्याणी संकुलो में संचालित सभी शासकीय, गैर शासकीय, निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) एवं आंगनबाडी केन्द्रों में दिनांक 08 अगस्त, 2025 (शुक्रवार) को अवकाश घोषित किया गया है।
116 सड़के अभी भी बंद
लोक निर्माण विभाग द्वारा गुरुवार को विभिन्न क्षेत्रों में बंद 243 मार्गों को खोल दिया गया, लेकिन अब भी 116 मार्ग बंद पड़े हैं। सबसे अधिक बाधित मार्ग पौड़ी जिले में हैं, जहां एक राष्ट्रीय राजमार्ग, 11 राज्य मार्ग, नौ मुख्य जिला मार्ग, दो अन्य जिला मार्ग और 93 ग्रामीण मार्ग अभी भी अवरुद्ध हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें और यात्रा से पहले मार्गों की स्थिति की जानकारी अवश्य लें। भारी बारिश के मद्देनज़र आपदा प्रबंधन दलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

