नौ साल बाद शहीद पूर्व सैनिक परिवार को मिला न्याय, लंबित पारिवारिक पेंशन का 8.25 लाख रुपये एरियर स्वीकृत।

एनएचएल नेटवर्क📡
डीडीहाट (पिथौरागढ़) जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के लगातार प्रयासों से नौ वर्षों से लंबित एक पूर्व सैनिक के पारिवारिक पेंशन प्रकरण का सफल निस्तारण कर दिया गया। कार्यालय की पहल पर लगभग 8 लाख 25 हजार रुपये की पारिवारिक पेंशन का एरियर स्वीकृत हुआ, जिसका भुगतान दिवंगत सैनिक की विधवा के वैध उत्तराधिकारी को किया गया।
जानकारी के अनुसार, मेथी गांव निवासी पूर्व सैनिक ईश्वर सिंह का वर्ष 2017 में निधन हो गया था। उनकी पत्नी जमुना देवी की पारिवारिक पेंशन शुरू नहीं हो सकी और वर्ष 2023 में उनका भी निधन हो गया। मामला जटिल होने के कारण बंद हो गया था। डीडीहाट में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय शुरू होने के बाद प्रकरण को दोबारा खोला गया और आवश्यक अभिलेखों व औपचारिकताओं को पूरा कर संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित किया गया।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल भूपेन्द्र सिंह धामी ने बताया कि पिछले एक वर्ष में कार्यालय ने ऐसे एक दर्जन से अधिक पुराने मामलों का निस्तारण कर पात्र लाभार्थियों को लाखों रुपये की आर्थिक सहायता दिलाई है। उन्होंने कहा कि कार्यालय पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों के कल्याण एवं समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्यरत है।

