उत्तराखंड मे मौसम का भारी से भारी बारिश का अलर्ट जारी।

एनएचएल नेटवर्क ।
देहरादून। उत्तराखंड में पिछले 24 घंटे के भीतर देहरादून और नैनीताल जिले में तेज बारिश के अलावा प्रदेश के अन्य जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा नरेंद्र नगर में 72 मिमी , सहस्त्रधारा में 63 मिमी , जॉलीग्रांट में 61 मिमी ,शामा में 60 मिमी ,देहरादून में 59 मिमी हल्द्वानी में 35 मिमी ,नैनीताल में 24.5 मिमी रिकॉर्ड हुई। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी लेटेस्ट मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक आज 08 जुलाई मंगलवार को उत्तराखंड राज्य के चार जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी है जबकि राज्य के अन्य जनपदों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है।
आज का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक आज 8 जुलाई मंगलवार को राज्य के देहरादून , चंपावत ,नैनीताल और बागेश्वर जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा , गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर का ऑरेंज अलर्ट जारी है। जबकि पिथौरागढ़ ,टिहरी पौड़ी ,हरिद्वार ,उधम सिंह नगर ,अल्मोड़ा , उत्तरकाशी ,चमोली और रुद्रप्रयाग जिले में कहीं-कहीं भारी वर्षा , गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने , वर्षा के तीव्र दौर का यलो अलर्ट जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र की चेतावनी को देखते हुए आपदा प्रबंधन केंद्र ने इन सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश जारी किए हैं।
पहाड़ी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक डॉक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि लगातार बारिश के चलते प्रदेश के पर्वतीय जनपदों में संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन के खतरे को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं। डॉ विक्रम सिंह ने बताया कि आज 8 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है जिसको लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने बताया अगले तीन-चार दिन प्रदेश के पर्वतीय जनपदों में तेज बारिश हो सकती है ,जबकि मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

