बेरीनाग स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हिन्दी विभाग के तत्वावधान में हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में एक वैचारिक गोष्ठी का आयोजन किया गया।

एनएचएल नेटवर्क संवाददाता।
स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्य प्रोफेसर डी. पी. भट्ट जी के कुशल मार्गदर्शन में हिन्दी विभाग के तत्वावधान में हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में एक वैचारिक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए प्राचार्य ने हिन्दी दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं प्रेषित की। उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि हिन्दी केवल भाषा या अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं बल्कि भारतीय समाज में नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन एवं संरक्षण का साधन भी है। उन्होंने देश की एकता एवं अखंडता में हिन्दी भाषा की प्रासंगिकता पर प्रेरणादायक एवं सारगर्भित व्याख्यान प्रस्तुत कर समस्त प्रतिभागियों का ज्ञानवर्धन किया।

हिन्दी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दीप्ती मिश्रा ने हिन्दी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हिन्दी भाषा भारत की भाषाई धरोहर का मुख्य हिस्सा है इसलिए इस भाषा पर हमें गर्व होना चाहिए। उन्होंने बताया कि हिन्दी दिवस मनाने का उद्देश्य हिन्दी भाषा को प्रोत्साहित करना है। सरिता दसौनी, ईशा, गरिमा तिवारी, शगुन बोरा, सुनीता पंत, कविता कांडपाल आदि विद्यार्थियों ने कविता पाठ एवं भाषण के माध्यम से हिन्दी भाषा के प्रोत्साहन के लिये जन-संदेश दिया। बी.ए. प्रथम सेम के विद्यार्थियों द्वारा नृत्य के माध्यम से नशा मुक्त जागरुकता अभियान के तहत समाज को नशा मुक्त होने का संदेश दिया गया। श्री एम.एस. कुटियाल ने “नशा मुक्त देवभूमि” पर व्यापक व्याख्यान प्रस्तुत किया। लता सनवाल ने नशा मुक्ति पर अपना विचार प्रस्तुत किया।कार्यक्रम के अन्त में हिंदी विभाग की विभाग प्रभारी एवं एन्टी-ड्रग सेल की नोडल ऑफिसर डॉ. दीपा पंत ने कार्यक्रम में उपस्थित समस्त प्रतिभागियों को आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. लीलाधर मिश्र ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

