FEATUREDGeneralLatestNewsPoliticspputtarakhandउत्तराखंडराज्य

खटीमा में ‘आदि रंगोत्सव’ का भव्य आगाज: कलाकारों संग थिरके सीएम धामी, एकलव्य विद्यालय को मिली ₹10 करोड़ की सौगात।

खटीमा संवाददाता। 

​खटीमा (उधमसिंह नगर): उत्तराखंड के सीमांत नगर खटीमा में रविवार को जनजातीय संस्कृति, परंपरा और कला का अनूठा संगम देखने को मिला। तीन दिवसीय ‘आदि रंगोत्सव’ के उद्घाटन अवसर पर देश के 12 से अधिक राज्यों से जुटे जनजातीय कलाकारों ने अपनी लोक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी खुद को रोक नहीं पाए और मंच पर कलाकारों संग ढोल बजाते हुए पारंपरिक धुन पर थिरकते नजर आए।

​एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल को 10 करोड़ की सौगात

समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने खटीमा स्थित एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल के विस्तार और सुविधाओं के लिए करीब ₹10 करोड़ की घोषणा की।

​लगभग ₹4 करोड़ की लागत से बनने वाले नए हॉस्टल का टेंडर पूरा हो चुका है, जिसका निर्माण जल्द शुरू होगा।

​स्कूल में 240 छात्र और 240 छात्राओं सहित कुल 480 विद्यार्थियों के लिए आधुनिक आवासीय शिक्षा की व्यवस्था होगी।

​मुख्यमंत्री धामी ने इस घोषणा पर आभार व्यक्त करते हुए सीमांत जिले पिथौरागढ़ में भी एक नए एकलव्य विद्यालय की स्थापना का आग्रह केंद्र सरकार से किया।

​खटीमा को बताया ‘मिनी इंडिया’

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा की सामाजिक और सांस्कृतिक विविधता को रेखांकित करते हुए इसे ‘मिनी इंडिया’ करार दिया। उन्होंने कहा कि आदि रंगोत्सव सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के गौरव, पहचान और स्वाभिमान का उत्सव है।

​मुख्यमंत्री ने राज्य में जनजातीय कल्याण के लिए चल रही योजनाओं का ब्योरा दिया:

​आवास योजनाएं: पीएम-जनमन आवास योजना के तहत पहले चरण में 824 और दूसरे चरण में 101 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है।

  • ​शिक्षा व कौशल विकास: बाजपुर में 100 बेड के छात्रावास व विद्यालय निर्माण, थारू राजकीय इंटर कॉलेज के आधुनिकीकरण और आईटीआई संस्थानों को लगातार बजट दिया जा रहा है।
  • ​रोजगार संवर्धन: राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के जरिए जनजातीय उत्पादों की ब्रांडिंग, मार्केटिंग और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

​एवरेस्ट विजेताओं का सम्मान

मुख्यमंत्री ने माउंट एवरेस्ट फतह कर प्रदेश का मान बढ़ाने वाले खटीमा के अंजनिया निवासी बीएसएफ जवान मोहन सिंह राणा और चारूबेटा की बेटी टीला सेन को मंच से विशेष बधाई दी और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

​जनजातीय पहचान को मिली नई मजबूती: किरेन रिजिजू

समारोह में शामिल केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के जनजातीय समाज के कल्याण को शीर्ष प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने उत्तराखंड की थारू, बोक्सा, जौनसारी और राजी जैसी समृद्ध जनजातीय संस्कृतियों की सराहना करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ घोषित कर केंद्र ने इस समाज की ऐतिहासिक भूमिका को राष्ट्रीय पटल पर स्थापित किया है।

​महोत्सव के पहले दिन राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और मिजोरम से आए सांस्कृतिक दलों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं।

Share This News