बेरीनाग के क्षेत्र पंचायत सदस्य नीरज सिंह शाह ने पद से दिया इस्तीफा, अधिकारियों की अनदेखी और बीडीसी बैठकों में देरी को बताया वजह।

एनएचएल नेटवर्क📡
बेरीनाग । विकासखंड बेरीनाग के वार्ड संख्या 32 बड़ेत बाफिला से क्षेत्र पंचायत सदस्य नीरज सिंह शाह ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा खंड विकास अधिकारी बेरीनाग को सौंप दिया है।
नीरज सिंह शाह का कहना है कि उन्होंने यह फैसला किसी व्यक्तिगत कारण से नहीं, बल्कि अपने क्षेत्र की जनता के व्यापक हितों को ध्यान में रखकर लिया है। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि जनप्रतिनिधि बनने से पहले वे बिना किसी पदगत बंधन के क्षेत्र की समस्याओं को बेबाकी और मजबूती से उठाते थे, लेकिन पद पर रहने के दौरान प्रोटोकॉल व मर्यादाओं के कारण वे जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप मुखर भूमिका नहीं निभा पा रहे थे।
शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
अपने इस्तीफे में उन्होंने विकासखंड प्रशासन पर भी गंभीर सवाल खड़े किए, विगत एक वर्ष में बेरीनाग विकासखंड में केवल एक ही बीडीसी बैठक आयोजित की गई।
मेरे द्वारा बैठक के दौरान क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण समस्याओं को तथ्यों के साथ उठाया गया था, लेकिन आज तक उनका कोई संतोषजनक समाधान नहीं हुआ।
वही समय-समय पर संबंधित अधिकारियों के समक्ष जनहित के मुद्दे रखने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई।
नीरज सिंह शाह ने कहा, “मेरा मानना है कि जनप्रतिनिधि का पद जनता की सेवा का माध्यम होना चाहिए, बाधा नहीं। यदि इस पद पर रहते हुए मैं अपने क्षेत्र के अधिकारों और जनहित के लिए प्रभावी रूप से संघर्ष नहीं कर पा रहा हूँ, तो पद पर बने रहने का कोई औचित्य नहीं है।”
उन्होंने खंड विकास अधिकारी से उनका त्यागपत्र स्वीकार करने का अनुरोध किया है ताकि वे बिना किसी पदगत बंधन के पूर्व की भांति अपने क्षेत्र की जनता के अधिकारों और विकास के लिए पूरी स्वतंत्रता के साथ संघर्ष कर सकें।

