FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhandजौलजीबी

जौलजीबी मेले में हंगामे और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में धारचूला विधायक समेत 6 नामजद व अन्य पर मुकदमा दर्ज।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल। 

​पिथौरागढ़, 15 नवंबर 2026: जौलजीबी मेले के उद्घाटन कार्यक्रम के समापन के बाद हुए हंगामे, तोड़फोड़ और पुलिस कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की के मामले में पिथौरागढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की मीडिया सेल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस प्रकरण में मेला समिति के अध्यक्ष एवं धारचूला विधायक हरीश सिंह धामी सहित 6 नामजद और कई अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

​क्या है पूरा मामला?

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, बीते 14 नवंबर 2026 को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा जौलजीबी मेले का उद्घाटन किया गया और उन्होंने स्थानीय जनता को संबोधित किया। पुलिस का आरोप है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की समाप्ति के पश्चात मेला समिति अध्यक्ष व विधायक हरीश सिंह धामी और उनके समर्थकों—राम सिंह रोकया, सौरभ मर्तोलिया, नृप सिंह, मनोहर टोलिया, विक्रम दानू तथा अन्य व्यक्तियों द्वारा अशोभनीय भाषा का प्रयोग करते हुए नारेबाजी की गई।

​पुलिस कर्मियों से धक्का-मुक्की और तोड़फोड़ का आरोप

प्रेस नोट में बताया गया है कि प्रदर्शन के दौरान अभद्र भाषा के इस्तेमाल के साथ-साथ मौके पर तोड़फोड़ भी की गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जब मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने संबंधित लोगों को समझाने का प्रयास किया, तो आरोपितों द्वारा पुलिस कर्मियों और अन्य व्यक्तियों के साथ धक्का-मुक्की की गई और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की गई।

​विभिन्न धाराओं में केस दर्ज, जांच शुरू

इस घटना के संबंध में कोतवाली जौलजीबी पुलिस ने विधायक हरीश सिंह धामी समेत 6 नामजद व अन्य लोगों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 121(1), 132, 191(2), 324(3) और 352 के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पिथौरागढ़ पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचनात्मक कार्यवाही शुरू कर दी गई है और निष्पक्ष जांच करते हुए साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Share This News