देवीधुरा में आषाढ़ी कौतिक और बग्वाल मेले की तैयारियां तेज, 28 अगस्त को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे शुभारंभ।

चंपावत संवाददाता।
देवीधुरा (चंपावत)। ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध श्री वाराही धाम देवीधुरा में इस वर्ष आषाढ़ी कौतिक (रक्षाबंधन महोत्सव) को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। श्री वाराही शक्तिपीठ ट्रस्ट द्वारा मेले का आयोजन 23 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। इस वर्ष मेले का मुख्य आकर्षण रहने वाले प्रसिद्ध ‘बग्वाल पर्व’ का शुभारंभ 28 अगस्त को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों में भारी उत्साह है।
23 अगस्त को कैबिनेट मंत्री करेंगे मेले का उद्घाटन
श्री वाराही शक्तिपीठ ट्रस्ट देवीधुरा द्वारा जारी आमंत्रण के अनुसार, आषाढ़ी कौतिक का विधिवत शुभारंभ 23 अगस्त 2026 को दोपहर 11 बजे होगा। उद्घाटन समारोह के लिए प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
28 अगस्त को खेला जाएगा ऐतिहासिक बग्वाल
मेले का सबसे प्रमुख आयोजन 28 अगस्त को बग्वाल पर्व के रूप में होगा। इस दिन मां वाराही धाम में विशेष धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना की जाएगी। कुमाऊं की सदियों पुरानी इस अनूठी परंपरा और बग्वाल को देखने के लिए उत्तराखंड के विभिन्न जिलों के अलावा देशभर से भारी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक देवीधुरा पहुंचते हैं।
धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र
चंपावत, नैनीताल और अल्मोड़ा के मध्य स्थित देवीधुरा क्षेत्र को मां वाराही की पवित्र भूमि माना जाता है। वेदों और पुराणों में वर्णित इस शक्तिपीठ में यूं तो साल भर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है, लेकिन बग्वाल मेले के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब जाता है।
प्रशासनिक स्तर पर पुख्ता इंतजाम
मेले में जुटने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन सुरक्षा, यातायात, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने में जुट गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
श्री वाराही शक्तिपीठ ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष एवं संरक्षक लक्ष्मण सिंह समाड़िया ने सभी श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों से आषाढ़ी कौतिक तथा बग्वाल मेले में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने आश्वासन दिया कि धार्मिक परंपराओं के भव्य आयोजन के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

