FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhPoliticspputtarakhand

सीएम धामी ने किया ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का शुभारंभ, पिथौरागढ़ को मिली 102.72 करोड़ की सौगात

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल। 

सीएम धामी ने किया ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का शुभारंभ, 

  • ​मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा
  • ​24 योजनाओं का शिलान्यास व एक का लोकार्पण; भारत-नेपाल की साझा विरासत का प्रतीक बताया

​पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिले के विकास को गति देते हुए 102.72 करोड़ रुपये की कुल 25 योजनाओं की सौगात दी। इसमें 102.48 करोड़ रुपये की 24 योजनाओं का शिलान्यास और 24 लाख रुपये की एक योजना का लोकार्पण शामिल है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने मेले के भव्य आयोजन के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा भी की।

​भारत-नेपाल संबंधों का जीवंत प्रतीक है मेला

उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जौलजीबी मेला भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत, आपसी सौहार्द और व्यापारिक संबंधों का जीवंत प्रतीक है। सदियों से यह मेला भारत, नेपाल और तिब्बत के बीच व्यापारिक व सामाजिक सेतु का काम करता आया है। अपने बचपन की यादों को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि इस मेले से उनका विशेष लगाव रहा है। ऐसे आयोजन न केवल लोक कलाकारों और स्थानीय उत्पादों को मंच देते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम भी करते हैं।

​सीमांत क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकता। 

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार 21वीं सदी के तीसरे दशक को ‘उत्तराखंड का दशक’ बनाने के संकल्प के साथ काम कर रही है। सीमांत क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आपदा सुरक्षा को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि साहसिक पर्यटन और समृद्ध लोकसंस्कृति के जरिए सीमांत क्षेत्रों के युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए द्वार खुल रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनियों और स्थानीय उत्पादों के स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।

​प्रमुख योजनाओं का विवरण

मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास और लोकार्पण की गई प्रमुख योजनाओं में शामिल हैं:

  • ​बाढ़ सुरक्षा: खोतिला एवं घाटधार क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा योजना (36.10 करोड़ रुपये)
  • ​अतिथि गृह: पिथौरागढ़ में नवीन राज्य अतिथि गृह (सर्किट हाउस) का निर्माण (23.26 करोड़ रुपये)
  • ​पेयजल: घाट पंपिंग पेयजल योजना से संबंधित कार्य (13.38 करोड़ रुपये)
  • ​सेतु निर्माण: रामगंगा नदी पर मोटर सेतु का निर्माण (8.80 करोड़ रुपये)
  • ​लोकार्पण: कनालीछीना विकासखंड में संपर्क मार्ग एवं हिमालय दर्शन शेड (24 लाख रुपये)

​ये रहे मौजूद

समारोह को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल, धारचूला विधायक हरीश धामी, पिथौरागढ़ महापौर कल्पना देवलाल, भानुप्रताप सिंह पाल, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई और पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे सहित बड़ी संख्या में भारत व नेपाल के नागरिक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share This News