नैनीपातल में लीगेसी वेस्ट प्लांट शुरू, गीले कचरे से बनेगी खाद और सूखे से होगी आय।
पिथौरागढ़ को कूड़ा मुक्त बनाने की बड़ी पहल:

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
पिथौरागढ़। सीमांत मुख्यालय पिथौरागढ़ को स्वच्छ और कूड़ा मुक्त बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक बड़ा कदम उठाया है। नैनीपातल स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में स्थापित लीगेसी वेस्ट प्लांट में कूड़ा निस्तारण का कार्य विधिवत रूप से शुरू हो गया है। नगर निगम की महापौर कल्पना देवलाल ने नगर आयुक्त डॉ. दीपक सैनी, निगम पार्षदों और अधिकारियों की मौजूदगी में इस प्लांट का शुभारंभ किया।

एक साल में शहर को कूड़ा मुक्त बनाने का लक्ष्य।
शुभारंभ के मौके पर महापौर कल्पना देवलाल ने अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इस प्लांट के नियमित संचालन से शहर से रोजाना निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण हो सकेगा, जिससे पर्यावरण स्वच्छ रहेगा और सफाई व्यवस्था मजबूत होगी। महापौर ने जानकारी दी कि ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास ही एमआरएफ सेंटर का निर्माण तेजी से चल रहा है, जहां ट्रॉमल मशीन के जरिए कूड़े को अलग-अलग (पृथक्करण) कर प्रोसेस किया जाएगा। उन्होंने कार्यदायी ठेकेदार को मानकों के अनुसार काम करने और रोजाना निस्तारित किए गए कूड़े की रिपोर्ट सौंपने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने दोहराया कि नगर निगम ने अगले एक वर्ष के भीतर पिथौरागढ़ को पूरी तरह कूड़ा मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा है।
40 वार्डों से रोज निकलता है 28-30 टन कूड़ा।
नगर आयुक्त डॉ. दीपक सैनी ने कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम के सभी 40 वार्डों से प्रतिदिन लगभग 28 से 30 टन कचरा एकत्र होता है। अब इस पूरे कचरे को प्लांट में लाकर गीले और सूखे कूड़े के रूप में अलग किया जाएगा। गीले कचरे से जैविक खाद तैयार की जाएगी, जबकि सूखे कचरे की छंटाई कर उसे बेचा जाएगा। इससे न केवल नगर निगम की आय बढ़ेगी, बल्कि वर्षों से जमा पुराने कचरे (लीगेसी वेस्ट) की समस्या से भी शहर को स्थायी निजात मिलेगी।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद।
इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी, जिला पंचायत सदस्य राकेश चन्द, क्षेत्र पंचायत सदस्य सुनील चन्द, ग्राम प्रधान पूजा कापड़ी, पार्षद दिनेश कापड़ी, मोहित चौंसाली, डेरिक वार्टन, सहायक अभियंता उमेश अवस्थी, अभियंता नन्दा बल्लभ पाण्डेय, राकेश देवलाल, संजय गड़िया, सफाई निरीक्षक शारिक अंसारी सहित नगर निगम के तमाम कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

