तीन दिवसीय बहुद्देशीय स्वास्थ्य शिविर का समापन।

एनएचएल नेटवर्क📡
बेरीनाग। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेरीनाग में आयोजित तीन दिवसीय बहुद्देशीय स्वास्थ्य शिविर का सोमवार देर शाम समापन हो गया। शिविर में तीन दिनों के दौरान कुल 2012 मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क चिकित्सा सेवाओं का लाभउठाया। सोमवार सुबह 8 बजे से ही दूरस्थ क्षेत्रों से आए मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पंजीकरण काउंटर पर लंबी कतारें देखने को मिलीं।
शिविर में ब्लड टेस्ट, ईसीजी, एक्स-रे सहित विभिन्न जांचें और दवाओं का निःशुल्क वितरण किया गया। शिविर के दौरान एक दर्जन दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए गए, जबकि 58 लोगों के आयुष्मान कार्ड और आभा आईडी भी तैयार की गई। शिविर में बाल रोग, हड्डी रोग, ईएनटी, नेत्र सर्जन और फिजीशियन विशेषज्ञों ने मरीजों का परीक्षण किया। इस दौरान पांखू, पुरानाथल, चौड़मन्या, कोटमन्या, कांडा, राईआगर, गणाई गंगोली, रावतसेरा सहित कई दूरस्थ क्षेत्रों से मरीज पहुंचे। प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. देवेश टम्टा ने बताया कि शिविर में जिला चिकित्सालय जैसी सभी सुविधाएं सीएचसी स्तर पर उपलब्ध कराई गईं और सभी सेवाएं निःशुल्क रहीं। शिविर में डिप्टी सीएमओ डा. प्रशांत कौशिक, बाल रोग विशेषज्ञ डा. जयराज सिंह नबियाल, नेत्र सर्जन डा. शिखा टोलिया, ईएनटी सर्जन डा. स्वाती बेलाल, हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. योगेश कुमार गौतम, फिजीशियन डा. यशपाल माहरा सहित अनेक चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

