berinagFEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

संगीत केवल शौक नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास और करियर का मार्गदर्शक है : डॉ. महेश पाण्डेय। 

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल। 

​बेरीनाग (पिथौरागढ़)। पी.एम. श्री राजकीय इंटर कॉलेज चौड़मन्या में मे विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए ‘करियर काउंसलिंग एवं गाइडेंस’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विषय विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं को विज्ञान, कला, संगीत और तकनीकी क्षेत्रों में उज्ज्वल भविष्य बनाने के गुर सिखाए।

​कार्यक्रम के शुभारंभ पर विद्यालय परिवार द्वारा समस्त अतिथियों और विषय विशेषज्ञों का स्वागत किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग के संगीत विभागाध्यक्ष डॉ. एम.सी. पाण्डेय ने कहा कि संगीत केवल मनोरंजन या शौक तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व विकास और करियर निर्माण का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने फाइन आर्ट्स, पियानो, गिटार, बांसुरी, तबला वादन, नृत्य, परफॉर्मिंग आर्ट और साउंड रिकॉर्डिंग जैसे क्षेत्रों में रोजगार की व्यापक संभावनाओं की जानकारी दी।

​रसायन विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. महेश चंद्र विश्वकर्मा ने करियर ग्रोथ के लिए सटीक लक्ष्य निर्धारण को अति महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने जीवन में सफलता और असफलता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया। वहीं, भूगोल विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मीनाक्षी गोस्वामी ने कहा कि किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए समर्पण भाव और आत्मविश्वास बनाए रखना बेहद जरूरी है।

​राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज बेरीनाग के सिविल इंजीनियर एवं प्रवक्ता शुभम उपाध्याय ने तकनीकी शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों को टेक्निकल क्षेत्रों में करियर निर्माण और सरकारी व निजी सेक्टर में उपलब्ध अवसरों की विस्तृत जानकारी दी।

​कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य किशोर कुमार ने सभी विशेषज्ञों का आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों को मोबाइल के दुरुपयोग से बचते हुए अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाने की सलाह दी। संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन सहायक अध्यापक चंदन सिंह भैसोड़ा ने किया।

Share This News