berinagFEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

बेरीनाग में खाद्य आपूर्ति विभाग की बड़ी कार्रवाई: दो पेट्रोल पंपों पर औचक निरीक्षण कर लिए तेल के सैंपल।

बेरीनाग में खाद्य आपूर्ति विभाग की बड़ी कार्रवाई: 

​न्यूज़ होम लाइव डिजिटल। 

बेरीनाग। क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल की गुणवत्ता, सही माप और उपभोक्ताओं को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए खाद्य आपूर्ति विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। गुरुवार को विभाग की टीम ने बेरीनाग और देवीनगर स्थित दो पेट्रोल पंपों पर औचक छापेमारी कर तेल के सैंपल लिए। विभाग की इस अचानक हुई कार्रवाई से स्थानीय पेट्रोल पंप संचालकों में हड़कंप मच गया।

​खाद्य आपूर्ति निरीक्षक विमल दुर्गापाल के नेतृत्व में टीम ने बेरीनाग बाजार स्थित हिन्दुस्तान पेट्रोलियम और देवीनगर स्थित नायरा कंपनी के पेट्रोल पंप का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पेट्रोल और डीजल की शुद्धता की जांच के लिए सैंपल एकत्र किए, जिन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

​इसके साथ ही टीम ने दोनों पंपों पर तेल के मौजूदा स्टॉक, ईंधन की उपलब्धता और रखरखाव से जुड़े अभिलेखों की भी जांच की। निरीक्षक ने पंप परिसर में आम जनता के लिए उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं—विशेषकर वाहनों में हवा भरने वाली मशीन की कार्यशीलता, पेयजल और शौचालय की स्थिति का भी बारीकी से जायजा लिया।

​लापरवाही मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई

खाद्य आपूर्ति निरीक्षक विमल दुर्गापाल ने बताया कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा और उन्हें पंपों पर किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए नियमित रूप से व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जांच में तेल की गुणवत्ता, सही मात्रा या अनिवार्य जनसुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित पंप संचालक के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

​ईंधन की किल्लत से जूझ रहे हैं स्थानीय लोग

गौरतलब है कि बेरीनाग स्थित हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के पंप पर पिछले करीब एक माह से आए दिन तेल खत्म (ड्राई) होने की समस्या बनी हुई है। पंप पर समय से ईंधन उपलब्ध न होने के कारण स्थानीय वाहन चालकों, व्यापारियों और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में स्थानीय लोगों का मानना है कि विभागीय निरीक्षण और सैंपलिंग के साथ-साथ पंपों पर तेल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कराना भी प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती है।

Share This News