राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बेरीनाग की पांच छात्राओं को ‘शी फॉर स्टेम’ के तहत मिली छात्रवृत्ति।

एनएचएल नेटवर्क📡
बेरीनाग। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पांच छात्राओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला एवं बालिका विज्ञान दिवस के अवसर पर देहरादून में आयोजित ‘शी फॉर स्टेम’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बेरीनाग की पाँच मेधावी छात्राएँ—गुंजन बोरा, मुस्कान पांडे, रिया भौरियाल, नेहा बोहरा एवं स्नेहा उपाध्याय—को मुख्यमंत्री द्वारा 50-50 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। आज महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर बी.एम. पाण्डेय ने इन मेधावी छात्राओं को महाविद्यालय परिसर में बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें भविष्य निर्माण के प्रति निरंतर जागरूक रहने के लिये प्रेरित किया।
उन्होंने विज्ञानशाला इंटरनेशनल एवं उत्तराखंड सरकार द्वारा संयुक्त रूप से चलाए जा रहे “शी फ़ॉर स्टेम” कार्यक्रम की सराहना करते हुए बताया कि यह कार्यक्रम छात्राओं को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग एवं गणित के क्षेत्र में निरंतर एक नई दिशा देगा।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण है। इस अवसर पर डॉ. लीलाधर मिश्र, डॉ. बी. एस. बिष्ट, डॉ. ललित सिंह तथा विज्ञानशाला की जूनियर एसोसिएट दीपमाला रावल उपस्थित रहे। छात्राओं की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार में खुशी की लहर है।

