FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhPoliticspputtarakhand

भारत-नेपाल सीमा को मिली बड़ी सौगात, छारछुम मोटर पुल का हुआ भव्य शुभारंभ।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल। 

​प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने दिल्ली से किया संयुक्त लोकार्पण; 33 करोड़ की लागत से बने 110 मीटर लंबे पुल से व्यापार और आवागमन को मिलेगी नई गति

​पिथौरागढ़। भारत और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। पिथौरागढ़ जनपद की धारचूला तहसील के छारछुम गांव और नेपाल के दार्चुला जिले के असीगड़ा गांव को आपस में जोड़ने वाले भारत-नेपाल मैत्री पुल (छारछुम मोटर पुल) का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने नई दिल्ली से संयुक्त रूप से इस महत्वपूर्ण पुल का लोकार्पण किया।

​दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी और ग्रामीण रहे मौजूद

लोकार्पण के अवसर पर छारछुम ब्रिज पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी आशीष भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, एसएसबी के डीआईजी एस. सुब्रमणियम, कस्टम्स कमिश्नर मयंक शर्मा और नेपाल के दार्चुला के मुख्य जिलाधिकारी वर्तराज पौडेल सहित दोनों देशों के प्रशासनिक अधिकारी व भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

​पारंपरिक नृत्य और गायन के साथ मनाया जश्न

मोटर पुल के शुरू होने से सीमावर्ती इलाकों के निवासियों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। लंबे समय से की जा रही इस मांग के पूरा होने पर ग्रामीण खुशी से झूम उठे और उन्होंने पारंपरिक नृत्य व लोक गायन के जरिए अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। स्थानीय लोगों ने इस ऐतिहासिक सौगात के लिए भारत और नेपाल सरकार का आभार जताते हुए इसे सीमांत के विकास में मील का पत्थर बताया।

​बदलेगी सीमांत की तस्वीर, व्यापार को मिलेगा बढ़ावा

इस मौके पर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि करीब 33 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 110 मीटर लंबा यह मोटर पुल सीमांत क्षेत्र के विकास में एक बड़ी उपलब्धि है। इससे दोनों देशों के सीमावर्ती गांवों के बीच आवागमन सुगम होने के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों को नई ऊर्जा मिलेगी।

​वहीं, नेपाल के मुख्य जिलाधिकारी वर्तराज पौडेल ने कहा कि अब तक दोनों देशों के लोग पैदल झूला पुलों पर निर्भर थे, लेकिन अब वाहनों की आवाजाही शुरू होने से समय की बचत होगी और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को सीधा लाभ मिलेगा।

​उत्तराखंड में भारत-नेपाल के बीच दूसरा मोटर पुल

गौरतलब है कि उत्तराखंड में भारत और नेपाल को जोड़ने वाला यह दूसरा मोटरेबल पुल है। इससे पहले केवल चंपावत जनपद के बनबसा में ही दोनों देशों के बीच वाहनों की आवाजाही के लिए मोटर पुल उपलब्ध था। छारछुम पुल के शुरू होने से धारचूला और दार्चुला क्षेत्र में व्यापारिक व सामाजिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी।

Share This News