बेरीनाग में बड़ा सड़क हादसा: 50 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बचाई चार लोगों की जान; एक गंभीर घायल हायर सेंटर रेफर।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
बेरीनाग। बेरीनाग क्षेत्र अंतर्गत बरसायत के पास सोमवार को एक ब्रीजा कार अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची बेरीनाग और थल पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला और अस्पताल पहुँचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को डायल-112 के माध्यम से पुलिस को बरसायत क्षेत्र में एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही कोतवाली बेरीनाग के प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार गंगवार और थाना थल के थानाध्यक्ष गणेश दत्त भट्ट पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
मौके पर पहुँचने पर पुलिस टीम ने देखा कि एक ब्रीजा कार (वाहन संख्या- UK05F7913) सड़क से लगभग 50 मीटर नीचे गहरी खाई में गिरी हुई है और उसमें सवार चारों लोग घायल अवस्था में फंसे हुए हैं। पुलिस जवानों ने बिना समय गंवाए दुर्गम खाई में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को बाहर निकाला।
हादसे में घायल सभी लोग चौकोड़ी निवासी हैं, जिनकी पहचान संदीप सिंह (30 वर्ष), विवेक रावत (17 वर्ष), प्रियांशु पाठक (13 वर्ष) और किरन पाठक (12 वर्ष) के रूप में हुई है।
रेस्क्यू के तुरंत बाद सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेरीनाग भिजवाया गया। सीएचसी बेरीनाग के चिकित्सक डॉ. देवेश टम्टा ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की हालत सामान्य और खतरे से बाहर है, जबकि संदीप सिंह की हालत अधिक गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर अल्मोड़ा रेफर कर दिया गया है।

