डिजिटल पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का भव्य आयोजन: ‘इनविजनिंग एजुकेशन @2047’ विषय पर विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा।

बेरीनाग संवाददाता।
बेरीनाग।राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्य प्रोफेसर बी. एम. पाण्डेय के मार्गदर्शन एवं अखिल भारतीय शिक्षा समागम के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। बी.एड. एवं संगीत विभाग के संयुक्त तत्वाधान में “भविष्य की शिक्षा: नवाचार, समावेशन और सतत विकास की ओर (इनविजनिंग एजुकेशन @2047)” विषय पर अंतर-विभागीय डिजिटल पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का सफल आयोजन संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य डॉ. महेश चंद्र पाण्डेय ने की। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ बी.एड. विभाग की डॉ. रश्मि पंत द्वारा किया गया। अपने संबोधन में डॉ. पंत ने भविष्य की शिक्षा में नवाचार, समावेशन और सतत विकास के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षा, डिजिटल साक्षरता, समग्र विकास, अनुसंधान, कौशल-आधारित शिक्षा तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने डिजिटल माध्यमों का प्रयोग कर भविष्य की शिक्षा पर आधारित उत्कृष्ट और रचनात्मक पोस्टर तैयार किए। निर्णायक मंडल—जिसमें डॉ. पी. एस. मेहरा, डॉ. अमन वर्मा, डॉ. रश्मि सहवाल एवं डॉ. संतोषी शामिल थे—ने निष्पक्ष मूल्यांकन कर विजेताओं की घोषणा की:
प्रथम स्थान: ग्रुप 3
द्वितीय स्थान: ग्रुप 6
तृतीय स्थान: ग्रुप 2
निर्णायक मंडल एवं उपस्थित प्राध्यापकों ने सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
इस आयोजन को सफल बनाने में मनोज कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में बी.एड. एवं संगीत विभाग के विभागाध्यक्षों सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन दीपा कन्याल द्वारा सभी अतिथियों, आयोजकों व प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापन करने के साथ हुआ।

