चमोली जिले में जमकर हो रही बर्फबारी।

हरेन्द्र सिह बिष्ट थराली:
थराली/देवाल। चार माह के लंबे समयांतराल के बाद 31 जनवरी से चमोली जिले में जमकर हो रही बर्फबारी एवं बारिश के चलते जहां यहां का मौसम खुशगवार हो गया हैं।वही हो रही बर्फबारी व बारिश से पर्यटन व्यवसाय, किसानों, पशुपालकों सहित आमजन मानस के चेहरों पर खुशी झलकने लगी हैं।

दरअसल अक्टूबर 2023 से उत्तराखंड के अधिकांश जिलों में बर्फबारी एवं बारिश नही होने के कारण इस दुष्प्रभाव सभी लोगों पर पड़ रहा था।कोरी ठंड के कारण जहां मैदानी क्षेत्रों में जमकर कोहरे की मार पड रही थी, वही पहाड़ी जिलों में कोहरे की तो नही परंतु धूल-धक्कड़ एवं जंगलों में बेमौसमी आग लगने के वातावरण में काफी अधिक धुंध छाई हुई थी। 4 माह के लंबे समया अंतराल के दौरान शीत ऋतु में पहाड़ों पर बर्फबारी एवं बारिश नही होने के कारण पर्यटन व्यवसाय कृषि पर काफी अधिक विपरीत प्रभाव पड़ चुका हैं। अपेक्षित बर्फबारी नही होने के कारण हिमाच्छादित पहाड़ जहां बर्फ विहीन दिखाई पड़ रहे थे।वही शीत ऋतु में तीन से चार माह तक बर्फ़ से ढके रहने वाली चोटियां एवं बुग्याल बर्फ विहीन पड़ हुए थे। जिसके चलते बर्फ का लुत्फ उठाने वाले पर्यटकों ने पहाड़ी क्षेत्रों का रूख करना बंद कर दिया था।अब पिछले 20 घंटों से हो रही बर्फबारी से पहाड़ी क्षेत्रों सहित पिंडर घाटी के पर्यटक स्थलों में पर्यटकों की आमद बढ़ने की संभावनाओं के चलते पर्यटन व्यवसायों के चहेरे खिलने लगे हैं।वही बारिश नही होने के चलते रवी की फसलों के तहत गेहूं, जौं,मसूर, सरसों सहित अन्य फसलों पर काफी विपरीत प्रभाव पड़ चुका हैं। किंतु ताजा हुई बर्फबारी एवं बारिश से फसलों में सुधार आने की आशा के चलते किसानों के चेहरों पर भी कुछ चमक लौटी पड़ी हैं। पिछले कुछ दिनों से पिंडर घाटी के जंगलों में भड़की बेमौसम दवानल के कारण वातावरण में गहरी धुंध छाई हुई थी जोकि बर्फबारी एवं बारिश के कारण पूरी तरह से छट गई है जिससे यहां का वातावरण काफी अधिक खुशगवार हो गया हैं।
————–
पिंडर घाटी के त्रिशूली, नंदा घुघटी हिम पर्वत श्रंखलाओं के अलावा रूपकुंड, होमकुंड, वेदनी बुग्याल, आली बुग्याल, बगजी बुग्याल,डुंगिया बुग्याल,नवाली बुग्याल, भैकलताल, ब्रहमताल,सुपतातल,झलताल,बधाणगढ़ी, देवाल ब्लाक के बलाण,घेस,हिमनी,पिनाऊ, वांण, दिदिना,कुलिंग, रामपुर, तोरती, सौरीगाड़ झलिया, मानमती, थराली के रतगांव,कूनी,कुराड़ पार्था,रूईसाण , गेरूड़,बूगां आदि गांवों में की पहाड़ियां उच्च बर्फ की सफेद चादर से ढक चुकी। अभी भी बर्फबारी एवं बारिश जारी रहने के चलते और भी निचले क्षेत्रों में बसे गांवों में बर्फबारी होने की संभावना जताई जा रही हैं।पिंडर घाटी के ऊंचाई पर बसे लाटू धाम वांण गांव में जहां पर 4 से लेकर 6 इंच तक बर्फ की सफेद चादर बिछ चुकी है। गांव पूरी तरह से बर्फ के आगोश में समा गया हैं।

