FEATUREDGeneralLatestNewsPoliticspputtarakhandकालाढूंगी

कालाढूंगी को मिली छह विकास योजनाओं की सौगात, कॉर्बेट में चलेंगी 70 अतिरिक्त महिला जिप्सियां।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल। 

​कालाढूंगी (नैनीताल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित ‘नारी शक्ति सम्मान समारोह’ के दौरान क्षेत्र के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें मिनी स्टेडियम के निर्माण से लेकर अस्पताल के उच्चीकरण और कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में स्थानीय महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने जैसी योजनाएं शामिल हैं। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 22 महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।

​मातृशक्ति का सम्मान और सरकारी योजनाएं

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान केवल नारों तक सीमित न रहकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर केंद्रित होना चाहिए। उन्होंने पहाड़ की महिलाओं के संघर्ष को प्रेरणास्रोत बताते हुए अपनी मां को याद किया। धामी ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा:

​सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है।

​प्रदेश में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 3.50 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।

​’हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड से जुड़ी करीब 5,500 महिलाओं ने अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक के उत्पाद बेचे हैं।

​आगामी एक दिसंबर को 5.20 लाख बहनों के खातों में दो किस्तों में धनराशि भेजी जाएगी।

​अंकिता भंडारी प्रकरण और महिला सुरक्षा पर बयान

महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (UCC) का जिक्र किया। अंकिता भंडारी प्रकरण पर उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़ित परिवार की भावनाओं का सम्मान करते हुए सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश की है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

​कालाढूंगी विधानसभा के लिए छह प्रमुख घोषणाएं

​1. पर्यटन व रोजगार: कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में पर्यटन सत्र 2026-27 के दौरान 70 अतिरिक्त महिला जिप्सियों का पंजीकरण।

  • ​2. स्वास्थ्य: कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण।
  • ​3. खेल: कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम का निर्माण।
  • ​4. विद्युतीकरण: क्षेत्र में 200 नए विद्युत पोलों की स्थापना।
  • ​5. सड़क निर्माण: ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में नई सड़क का निर्माण।
  • ​6. सड़क चौड़ीकरण: गोडापड़ाव बाईपास मार्ग से ग्राम बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का चौड़ीकरण।

​इन प्रतिभाशाली महिलाओं का हुआ सम्मान

समारोह में खेल, कृषि, कला और स्वरोजगार के क्षेत्र में नाम रोशन करने वाली 22 महिलाओं को नवाजा गया। इनमें एशियाई मास्टर तैराक संतोषी गुरुरानी, नमिता पाठक व निकिता सिंह, अंतरराष्ट्रीय तैराक मोनी रावत व भार्गवी रावत, एथलीट चंपा नैनवाल, पहलवान गीतांजलि व डौली बिष्ट, खो-खो व एथलेटिक्स खिलाड़ी हिना बिष्ट व नमिता तथा ताइक्वांडो खिलाड़ी भूमिका जयंतवाल शामिल रहीं। इसके अलावा लखपति दीदी दमयंती बिष्ट, मशरूम उत्पादक पदमा बोहरा, ऐपण कलाकार मंजू रौतेला सहित सावित्री गर्जोला, कंचन भंडारी, शिवानी रावत, तनुजा खानायत, पूजा और रूपा को भी सम्मानित किया गया।

​कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी

कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्रीय समस्याएं रखीं। इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्य व दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, आईजी निवेदिता कुकरेती, डीएम ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This News