जौलजीबी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया जनजाति गौरव दिवस।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
पिथौरागढ़ (जौलजीबी), 15 नवम्बर। ऐतिहासिक जौलजीबी मेला प्रांगण में रविवार को समाज कल्याण विभाग और जिला जनजाति कल्याण विभाग पिथौरागढ़ के संयुक्त तत्वावधान में जनजाति गौरव दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि व कार्यक्रम अध्यक्ष, राजी जनजाति के प्रथम एवं धारचूला-मुनस्यारी के पूर्व विधायक गगन सिंह रजवार ने अन्य अतिथियों के साथ धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनजातीय समाज और उनके नायकों के साथ किए गए सीधे संवाद का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया। उल्लेखनीय है कि जनजातीय समाज के देश के प्रति योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा वर्ष 2021 से प्रतिवर्ष 15 नवम्बर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर ‘जनजाति गौरव दिवस’ मनाया जा रहा है।
लोक संस्कृति और भाषाओं की दिखी छटा
समारोह के दौरान राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय बलुवाकोट और राजकीय बालिका आश्रम पद्धति विद्यालय छारछुम के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। बालिका विद्यालय की छात्राओं ने वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किए, जबकि बालक विद्यालय के छात्रों ने पारंपरिक छोलिया लोक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों ने राजी और भोटिया जनजाति की स्थानीय भाषाओं के साथ-साथ मित्र राष्ट्र नेपाल की नेपाली भाषा में भी गीत और कविताएं सुनाकर सभी का मन मोह लिया।
सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी, विभूतियां हुईं सम्मानित

जिला जनजाति कल्याण अधिकारी डॉ. डी.पी.एस. राठौर ने उपस्थित जनसमूह को समाज कल्याण एवं जनजाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी और उनका लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में समाज और जनजातीय क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले गणमान्य व्यक्तियों को भगवान बिरसा मुंडा का चित्र, स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती शकुंतला दताल, बाल कल्याण समिति की सदस्य श्रीमती लीला बनग्याल, व्यापार मंडल जौलजीबी के अध्यक्ष धीरेंद्र धर्मशक्तु, ग्राम प्रधान खेतार कन्याल कमल रजवार, ग्राम प्रधान दूती बगड़ श्रीमती कल्पना अवस्थी, ग्राम प्रधान चिफलतरा भवानी राम तथा समाजसेविका श्रीमती विमला गर्खाल प्रमुख रहे। विभाग की ओर से कार्यक्रम में पहुंचे राजी व भोटिया समुदाय के सभी लोगों के लिए भोजन (लंच बॉक्स) की व्यवस्था भी की गई।
ये रहे उपस्थित
समारोह का सफल संचालन शंकर दत्त भट्ट और करन सिंह थापा ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर समाज कल्याण अधिकारी पिथौरागढ़, सहायक समाज कल्याण अधिकारी (धारचूला) श्रीमती प्रियंका, प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार, प्रधानाचार्य अवधेश रावत, छात्रावास प्रभारी नमित कुमार शर्मा, छात्रावास अधीक्षिका दिव्या बिष्ट, मुनेश कुमार, किशोर सिंह राणा, अरविंद नगन्याल, तथागत खंपा, संजय सिंह, टिकेंद्र भट्ट, विक्रम मल्ल, त्रिलोक चंद्र, हिमांशु जोशी, कमलेश पांडेय, मनोज कुमार, अजय पांडेय, अंकिता आर्या, स्वाति ह्यांकी, रश्मि राणा, रतन रजवार, पूजा रजवार, विशु देवी और अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

