नशे के दुष्प्रभावों एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति विद्यार्थियों को किया जागरूक।

बेरीनाग संवाददाता।
बेरीनाग, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्य प्रोफेसर बी. एम. पाण्डेय की अध्यक्षता में एंटी ड्रग प्रकोष्ठ के तत्वावधान में नशे के दुष्प्रभावों एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु एक गोष्ठी का आयोजन किया गया।
गोष्ठी में मुख्य वक्ता मेजर धनलक्ष्मी द्वारा नशीले पदार्थों के सेवन के कारणों तथा दुष्परिणामों पर विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने नशे के कारण होने वाली विभिन्न शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं तथा उनसे बचाव के उपायों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशीले पदार्थों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
प्राचार्य प्रोफेसर बी. एम. पाण्डेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशीले पदार्थों से दूरी बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ समाज में भी नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। गोष्ठी का संचालन डॉ. लीलाधर मिश्र ने किया। कार्यक्रम के अंत में एन्टी ड्रग सेल के संयोजक डॉ. अमन वर्मा ने मुख्य वक्ता समेत समस्त प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित किया।
गोष्ठी में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

