राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग में “तुलसीदास की चौपाईयों में जीवन दर्शन” विषय पर साहित्यिक परिचर्चा का आयोजन।

बेरीनाग संवाददाता। 

बेरीनाग महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. बी.एम. पाण्डेय की अध्यक्षता में हिंदी विभाग द्वारा गोस्वामी तुलसीदास  की जयंती के अवसर पर ‘तुलसीदास की चौपाइयों में जीवन-दर्शन’ विषय पर साहित्यिक परिचर्चा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ हिंदी विभाग प्रभारी एवं असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दीप्ति मिश्रा ने गोस्वामी तुलसीदास के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए किया। उन्होंने तुलसीदास की चौपाइयों के माध्यम से लोकमंगल, मानवीय मूल्यों एवं मानवीय संवेदनाओं की अभिव्यक्ति को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि तुलसीदास का साहित्य आज भी समाज को नैतिकता, समरसता और मानवीय मूल्यों का मार्ग दिखाता है।

परिचर्चा में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए तुलसीदास की रचनाओं एवं उनके जीवन-दर्शन पर अपने विचार व्यक्त किए। डॉ. लीलाधर मिश्र ने तुलसी साहित्य की प्रासंगिकता पर अपने विचार रखते हुए कहा कि वर्तमान सामाजिक परिवेश में तुलसीदास का साहित्य मानव जीवन के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायी है।

कार्यक्रम में अध्यक्षीय संबोधन के दौरान प्राचार्य प्रो. बी.एम. पाण्डेय ने तुलसीदास के साहित्य में निहित जीवन-मूल्यों और लोककल्याण की भावना को रेखांकित किया तथा विद्यार्थियों से उनके साहित्य से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दीप्ति मिश्रा ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. महेश पाण्डेय, डॉ. सुनील पंत, डॉ. रश्मि सेलवाल सहित समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहें।

Share This News