राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग में देवभूमि उद्यमिता योजना के एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन।

बेरीनाग संवाददाता।
बेरीनाग। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में उच्च शिक्षा विभाग, उत्तराखंड और भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान, अहमदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में देव भूमि उद्यमिता योजना का एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर बी.एम. पाण्डेय ने किया। ओरिएंटेशन कार्यक्रम में भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान, अहमदाबाद के प्रोजेक्ट ऑफिसर श्री जयेंद्र विक्रम ने विद्यार्थियों को रोजगार की समस्याओं के साथ-साथ उद्यमिता के क्षेत्र में स्टार्ट्स अप से जुड़े हुए विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में स्वरोजगार विकसित करने के अवसर पर्याप्त है जिसके माध्यम से युवा आत्मनिर्भर बन सकते हैं। श्री जयेन्द्र ने उद्यमिता क्षेत्र के मूलभूत तथ्यों जैसे समस्याओं की पहचान, नए विचार उत्पन्न करना, नई संभावनाओं का परीक्षण करना, रचनात्मक सोच अपनाना, अवसरों को पहचानना, मार्केट में लांच करना आदि को विद्यार्थियों के समक्ष साझा किया।
अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रोफेसर बी.एम. पाण्डेय ने देवभूमि उद्यमिता योजना को स्वरोजगार सृजन में अत्यंत उपयोगी बताते हुए युवाओं को निरंतर उद्यमशील रहने के लिये प्रेरित किया। उन्होंने समस्त विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में इस योजना के माध्यम से लाभान्वित होने की बात कही। कार्यक्रम का संचालन डॉ. लीलाधर मिश्र ने किया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के देवभूमि उद्यमिता योजना के नोडल अधिकारी डॉ. मुकेश लाल शाह ने प्रोजेक्ट ऑफिसर जयेन्द्र समेत समस्त प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।

