FEATUREDGeneralLatestNewsPoliticspputtarakhandथराली

राज्य स्थापना दिवस पर मुन्दोली और लोहाजंग में गूंजा स्वच्छता का संदेश, छात्रों ने चलाया हिमालय स्वच्छता अभियान।

​थराली (हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट ): उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर अनंत नन्दा फाउंडेशन मुन्दोली की ओर से मुन्दोली और लोहाजंग क्षेत्र में ‘हिमालय स्वच्छता अभियान’ चलाया गया। इस अभियान में स्थानीय स्कूल और कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

​फाउंडेशन के संस्थापक निदेशक एवं पूर्व सैनिक कलम सिंह बिष्ट के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने क्षेत्र में वृहद स्तर पर सफाई अभियान चलाया। इस दौरान छात्रों ने रास्तों और आसपास बिखरी पड़ी प्लास्टिक की बोतलें, रैपर और अन्य अजैविक कचरे को एकत्र कर उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया। साथ ही, युवाओं ने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।

​इस मौके पर पूर्व सैनिक कलम सिंह बिष्ट ने कहा कि हिमालयी क्षेत्र के पर्यावरण को सुरक्षित और स्वच्छ रखने के लिए सामूहिक प्रयासों की सख्त आवश्यकता है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्लास्टिक कचरे और बोतलों के अनियंत्रित फैलाव से संवेदनशील हिमालयी पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, जिसे बचाना हम सभी का नैतिक दायित्व है।

​उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे समय-समय पर अपने गांवों और आसपास ऐसे सफाई अभियान चलाते रहें, ताकि ग्रामीणों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ सके। बिष्ट ने स्पष्ट किया कि अनंत नन्दा फाउंडेशन सामाजिक कार्यों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में लगातार प्रयासरत है और यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।

Share This News