FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhuttarakhandमौसम

उत्तराखंड में भारी बारिश और तेज़ तूफान का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी।

एनएचएल नेटवर्क📡

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने राज्य के कई जिलों के लिए भारी बारिश, आंधी और तेज़ हवाओं को लेकर नया अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक देहरादून, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और बागेश्वर जिलों में बारिश के साथ तेज़ हवाएं चल सकती हैं। इन क्षेत्रों में 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।

समय से पहले दस्तक दे सकता है मानसून

मौसम विभाग के निदेशक सीएस तोमर ने बताया कि सामान्य तौर पर उत्तराखंड में मानसून 25 जून तक पूरी तरह सक्रिय हो जाता है, लेकिन इस वर्ष मानसून के अपेक्षाकृत जल्दी पहुंचने के संकेत मिल रहे हैं। उनके अनुसार, प्रदेश में मानसून 20 जून के आसपास दस्तक दे सकता है। यदि मौसम विभाग का यह अनुमान सही साबित होता है, तो उत्तराखंड में मानसून निर्धारित समय से पहले सक्रिय हो जाएगा, जिससे राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में वर्षा गतिविधियों में तेजी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने नागरिकों, किसानों और पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर लगातार नजर बनाए रखने की सलाह दी है।

Share This News