6 और 7 अक्टूबर को कई जिलों में भारी से भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया।

एनएचएल नेटवर्क।
देहरादून, उत्तराखंड में मानसून की विदाई के बाद लोगों को राहत तो मिली थी, लेकिन अब एक बार फिर तेज दौर की बारिश ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।मौसम विभाग के अनुसार, पांच से आठ अक्टूबर तक प्रदेशभर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। खासकर 6 और 7 अक्टूबर को कई जिलों में भारी से भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि बीते दिनों से लगातार चटक धूप और उमस भरी गर्मी के कारण तापमान बढ़ रहा था। इसके चलते ओडिशा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और गुजरात में निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया। यही कारण है कि मानसून की विदाई की प्रक्रिया रुक गई और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में दोबारा तेज बारिश शुरू हो गई। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक ने बताया कि निम्न दबाव के क्षेत्र और पश्चिमी विक्षोभ के कारण मानसून पूरी तरह खत्म नहीं हो पाया है। इसलिए अक्टूबर के पहले सप्ताह में प्रदेशभर में भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है। बीते कुछ दिनों से देहरादून में गर्मी अपने तेवर दिखा रही थी। गुरुवार सुबह भी तेज धूप और बढ़ते तापमान से लोग परेशान रहे। लेकिन शाम करीब 5 बजे तेज बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया और गर्मी से राहत दिलाई। मौसम विभाग ने विशेष रूप से देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां पर बिजली गिरने और तेज बारिश की संभावना है। वहीं अन्य जिलों में हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं।

