महाविद्यालय मुवानी में हरेला पर्व के अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया।

एनएचएल नेटवर्क📡
थल। राजकीय महाविद्यालय मुवानी, पिथौरागढ़ में आज दिनांक 16 जुलाई 2026 को उत्तराखण्ड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं स्थानीय लोगों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित वातावरण के प्रति जागरूकता विकसित करना था। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों, अन्य छात्र-छात्राओं एवं महाविद्यालय परिवार ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर थाना- थल के थानाध्यक्ष गणेश दत्त भट्ट अपनी टीम के साथ महाविद्यालय में उपस्थित रहे। उन्होंने हरेला पर्व के सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन के आधार नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की अमूल्य धरोहर भी हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरीश चंद्र पंत ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक परंपराओं में हरेला पर्व का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। प्रत्येक विद्यार्थी यदि अपने जीवन में कम से कम एक वृक्ष का संरक्षण करने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में 10 से अधिक फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। रोपित पौधों की सुरक्षा एवं नियमित देखभाल का संकल्प भी सभी प्रतिभागियों द्वारा लिया गया। थाना-थल से उपस्थित अपर उपनिरीक्षक संतोष प्रसाद ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।
अपर उपनिरीक्षक भुवन पांडे ने हरेला पर्व की शुभकामनाएँ देते हुए विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मौजूद डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिकाधिक वृक्ष लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी राजकमल किशोर द्वारा किया गया।
इस अवसर पर डॉ. सुधीर कुमार, डॉ. संजीव कुमार, डॉक्टर रुपेश कुमार, डॉ. नीमा जोशी, भावना, लक्ष्मण सिंह मेहता, थानाध्यक्ष गणेश दत्त भट्ट, अपर उपनिरीक्षक संतोष प्रसाद, अपर उपनिरीक्षक भुवन पांडे, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार, कांस्टेबल जगदीश मरकूना, कैलाश जोशी, सुंदर सिंह, धर्म सिंह, अंशुल स्वरूप, वीरेंद्र सिंह, हुकुम सिंह, संजना, विनीता पाठक,भावना पाठक, आदि उपस्थित रहे।

