विश्व पर्यटन दिवस: पर्यटक आवास गृह चौकोड़ी में पारंपरिक अंदाज में हुआ सैलानियों का स्वागत, स्वच्छता व पौधारोपण अभियान आयोजित।

बेरीनाग संवाददाता।
चौकोड़ी। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर पर्यटक आवास गृह (टीआरएच) चौकोड़ी में विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर पर्यटकों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान कुमाऊंनी संस्कृति की झलक के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रबंधक दीपक पंत के नेतृत्व में हुई, जहां आवास गृह पहुंचे पर्यटकों का कुमाऊंनी रीति-रिवाज से चंदन का टीका लगाकर और फूल-मालाएं पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके साथ ही पर्यटकों को विशेष ‘वेलकम ड्रिंक’ भी परोसी गई। विश्व पर्यटन दिवस के उपलक्ष्य में आवास गृह में ठहरने वाले सैलानियों के लिए कमरों के किराए में विशेष छूट की सुविधा भी दी जा रही है।
इस अवसर पर आवास गृह परिसर में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। चौकोड़ी पहुंचे पर्यटकों ने निगम कर्मचारियों द्वारा किए गए इस अनूठे व पारंपरिक स्वागत की भूरी-भूरी प्रशंसा की और इसे एक यादगार अनुभव बताया।

आयोजन के दौरान प्रबंधक दीपक पंत, दीप चंद्र पपने, दीप पंत, रविंद्र अधिकारी, भीम सिंह अधिकारी, लाल सिंह, धन सिंह, कपूर सिंह, प्रकाश, हेमंत कुमार, संतोष मेहरा और विमला देवी सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

