एलएसएम परिसर में छात्रसंघ चुनाव की तैयारियां पूरी: 29 सितंबर को मतदान, मोबाइल और प्रचार पर सख्त पाबंदी।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
पिथौरागढ़। लक्ष्मण सिंह महर (एलएसएम) परिसर में छात्रसंघ चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। 29 सितंबर को होने वाले मतदान को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए परिसर प्रशासन और पुलिस ने कमर कस ली है। मतदान सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चलेगा।
पहचान पत्र और फीस रसीद अनिवार्य
परिसर निदेशक डॉ. हेमचंद्र पांडेय की उपस्थिति में चुनाव प्रभारी एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. डीके उपाध्याय ने निर्वाचन कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मतदान स्थल पर प्रवेश के लिए वैध आई-कार्ड और फीस रसीद दिखाना अनिवार्य होगा। जिन छात्र-छात्राओं के आई-कार्ड अब तक नहीं बन पाए हैं, उन्हें फीस रसीद के साथ कोई भी सरकारी फोटोयुक्त वैध पहचान पत्र लाना होगा।
नियम उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदान केंद्र के भीतर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परिसर में किसी भी प्रकार का चुनाव प्रचार, मतदाताओं को प्रभावित करना या चॉकलेट आदि बांटना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
चुनाव के दौरान परिसर और आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। डॉ. उपाध्याय ने मतदान कर्मियों को पूरी निष्पक्षता से दायित्व निभाने के निर्देश दिए हैं, वहीं परिसर प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों से शांति बनाए रखने, नारेबाजी व विवाद से दूर रहने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है।

