सड़े मांस के मामले के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग सख्त।

बेरीनाग संवाददाता।
मीट कारोबारियों को फूड लाइसेंस की जानकारी दी, बाहर से मांस लाकर बेचने पर रोक की हिदायत,
पशु चिकित्सक की जांच के बाद ही काटे गए मुर्गे और बकरे।
—————-
बेरीनाग (पिथौरागढ़): जिले के बेरीनाग नगर में गुरुवार को हल्द्वानी से भेजे गए संदिग्ध और सड़े हुए मांस की खेप मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग हरकत में आ गया है। शुक्रवार को जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने बेरीनाग पहुंचकर मीट कारोबारियों के साथ बैठक की और उन्हें खाद्य सुरक्षा मानकों तथा फूड लाइसेंस संबंधी नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कारोबारियों को बाहर से मांस लाकर बेचने से बचने और नियमों का कड़ाई से पालन करने की सख्त हिदायत दी। विभाग की सख्ती के बाद शुक्रवार को नगर के पशु अस्पताल में पशु चिकित्सक डॉ. सुनील गिरी की मौजूदगी में 36 मुर्गियों और छह बकरियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। पशु चिकित्सकीय जांच में हरी झंडी मिलने के बाद ही इन्हें काटने की अनुमति दी गई।
गौरतलब है कि गुरुवार सुबह डीडीहाट से बेरीनाग पहुंचे एक वाहन में हल्द्वानी से भेजी गई कटे हुए मांस की खेप से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा था। घटना के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे थे।
व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश रावत ने बताया कि इस मामले में दोषी पाए गए दुकानदार की दुकान को चालू माह के अंत तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर में स्वच्छता और नियमों के तहत ही मांस की बिक्री होने दी जाएगी। वहीं, स्थानीय निवासियों ने विभाग से नियमित सैंपलिंग करने और नियम तोड़ने वालों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
इस मौके पर व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश रावत उपाध्यक्ष कमल खाती , भाजपा नेता मनीष पंत कमलेश पंत ,हिमांशु मियान, सुनील रौतेला, आदि कई लोग मौजूद रहे।

