नशामुक्त समाज के निर्माण में जुटी पिथौरागढ़ पुलिस, साइबर अपराधों के प्रति भी लोगों को कर रही सतर्क।

पिथौरागढ़ संवाददाता। 

​पिथौरागढ़ जिले में नशे के दुष्प्रभावों को समाप्त करने और साइबर अपराधों से आमजन को सुरक्षित रखने के लिए पिथौरागढ़ पुलिस का विशेष जनजागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने चौपाल और बैठकों का आयोजन कर ग्रामीणों व बुजुर्गों को जागरूक किया।

​बरम में साइबर सुरक्षा और वरिष्ठ नागरिकों की समस्याएं सुनीं-

कोतवाली जौलजीबी के एसएचओ हरेन्द्र सिंह नेगी के नेतृत्व में अपर उपनिरीक्षक महेश पन्त और पुलिस टीम ने बरम क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीकों से सावधान रहने और साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही, नशे से समाज और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में पहुंचे बुजुर्ग नागरिकों से संवाद कर पुलिस ने उनकी समस्याएं सुनीं और उनके सुझाव भी दर्ज किए।

​मुनस्यारी में अवैध भांग की खेती न करने की अपील-

दूसरी ओर, थाना मुनस्यारी के एसओ अनिल आर्या के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम सभा तोमिक में चौपाल लगाई। पुलिस ने ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सतर्क करते हुए अवैध भांग की खेती न करने की सख्त हिदायत दी। साथ ही, एक स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करने के लिए प्रेरित किया।

​पुलिस की आमजन से अपील-

पिथौरागढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि क्षेत्र में साइबर अपराध, नशा तस्करी या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिले, तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Share This News