बेरीनाग में स्वास्थ्य सुरक्षा से खिलवाड़: हल्द्वानी से भेजा गया सड़ा मांस पकड़ाया, प्रशासन के हाथ-पांव फूले।
ब्रेकिंग …….

बदबू आने पर खुला संदिग्ध बॉक्स तो फटी रह गईं आंखें; निष्पक्ष जांच न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
पालिका अधिकारी बोलीं—’हम अधिकृत नहीं’, तहसीलदार ने पल्ला झाड़ा, केवल चालान काटकर पुलिस ने निभाई औपचारिकता
बेरीनाग संवाददाता।
बेरीनाग (पिथौरागढ़): नगर में आम जनता की सेहत और जिंदगी के साथ खिलवाड़ का एक खौफनाक मामला सामने आया है। गुरुवार सुबह हल्द्वानी से डीडीहाट जा रहे एक वाहन के जरिए बेरीनाग पहुंचा संदिग्ध और अत्यधिक दुर्गंधयुक्त सड़ा मांस मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। यदि समय रहते बदबू से इस करतूत का पर्दाफाश न होता, तो यह जहरीला मांस होटलों, ढाबों और दुकानों के जरिए सीधे लोगों की थाली तक पहुंच चुका होता।बदबू ने खोला राज, मौके पर उमड़ी भीड़

घटनाक्रम के अनुसार, सुबह वाहन की छत से सामान उतारते वक्त स्थानीय निवासी मनीष पंत को एक बॉक्स से असहनीय तेज दुर्गंध आई। अनहोनी की आशंका में जब बॉक्स को खोलकर देखा गया, तो उसमें सड़ा हुआ कटा मांस ठंसा पड़ा था। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
प्रशासनिक लीपापोती से भड़का जनाक्रोश मामला उजागर होते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी और तहसीलदार को सूचना दी। आरोप है कि इतने संवेदनशील मामले के बावजूद खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मौके पर सैंपलिंग तक नहीं की गई। वहीं, पुलिस ने भी केवल नगर की मीट दुकानों का चालान काटकर इतिश्री कर ली। प्रशासनिक ढिलाई से आक्रोशित राष्ट्रीय स्वयंसेवक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष हिमांशु जोशी ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर तुरंत सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगा।
———————-
किसने क्या कहा:
”खाद्य सुरक्षा विभाग ही अधिकृत”
“उक्त प्रकरण में केवल खाद्य सुरक्षा विभाग ही आवश्यक कार्रवाई कर सकता है। हम मीट की गुणवत्ता जांचने के लिए अधिकृत नहीं हैं।”
— मीनाक्षी बरदोला, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद बेरीनाग
—————————-
”टीम भेज दी गई थी”
“मामला संज्ञान में आते ही पटवारी और नगर पालिका टीम को मौके पर भेजा गया था। आगे की कार्रवाई की जानकारी नगर पालिका और पुलिस से ली जा सकती है।”
— दयाल मिश्रा, तहसीलदार, बेरीनाग।
——————————
”लापरवाही पर सख्त रुख अपनाएगा व्यापार संघ”
“सभी मीट व्यापारी काटने से पहले पशु चिकित्सालय में पशुओं की जांच कराएंगे। दुकानों में सीसीटीवी और डीप फ्रीजर अनिवार्य होगा। ऐसा न करने वालों के खिलाफ व्यापार संघ कड़ा कदम उठाएगा।”
— राजेश रावत, अध्यक्ष, व्यापार संघ बेरीनाग।
—————————
”नियम तोड़ने वालों के चालान काटे”
“मीट दुकानों का निरीक्षण कर सफाई और नियमों के पालन की हिदायत दी गई है। उल्लंघन पाए जाने पर चालान किए गए हैं और भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी जारी की गई है।”
— नरेश कुमार गंगवार, कोतवाल, बेरीनाग
————————
ये लोग रहे सामिल।
व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश रावत उपाध्यक्ष कमल खाती भाजपा नेता मनीष पंत जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मण सिंह करकी कमलेश पंत हिमांशु मियान सुनील रौतेलाआदि कई लोग मौजूद रहे।
मनीष पंत ने कहा कि यदि भविष्य मैं किसी भी मीट विक्रेता ने ऐसा कार्य किया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

