अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल ।

एनएचएल नेटवर्क📡
देहरादून । पश्चिम एशिया में जारी तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का असर अब आम जनता की जेब पर दिखने लगा है। शुक्रवार को उत्तराखंड में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई। राज्य के कई जिलों में पेट्रोल तीन रुपये तक महंगा हो गया, जबकि डीजल के दाम में भी तेज इजाफा हुआ है। तेल कंपनियों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय क्रूड ऑयल की कीमतों में बढ़ोतरी, रुपये की कमजोरी और वैश्विक आपूर्ति को लेकर बढ़ी चिंता इसकी मुख्य वजह मानी जा रही है।
देहरादून, हरिद्वार और नैनीताल में नए दाम
राजधानी देहरादून में पेट्रोल की कीमत 2.68 रुपये बढ़कर 96.23 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। वहीं डीजल 2.91 रुपये महंगा होकर 91.35 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
हरिद्वार में पेट्रोल 95.41 रुपये प्रति लीटर और डीजल 90.63 रुपये प्रति लीटर हो गया है। यहां पेट्रोल में 2.72 रुपये और डीजल में 3.10 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई। नैनीताल में पेट्रोल सबसे ज्यादा महंगा हुआ है। यहां पेट्रोल 3.19 रुपये बढ़कर 96.30 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया, जबकि डीजल 3.24 रुपये महंगा होकर 91.27 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
पहाड़ी जिलों में सबसे महंगा पेट्रोल
अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, टिहरी और उत्तरकाशी जैसे पहाड़ी जिलों में पेट्रोल की कीमत करीब 98 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है। परिवहन लागत और भौगोलिक परिस्थितियों के कारण इन जिलों में पहले से ही ईंधन महंगा रहता है। वहीं डीजल के मामले में अल्मोड़ा सबसे महंगा जिला बन गया है। यहां डीजल की कीमत 92.68 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जो राज्य में सबसे अधिक है।
वहीं डीजल के मामले में अल्मोड़ा सबसे महंगा जिला बन गया है। यहां डीजल की कीमत 92.68 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जो राज्य में सबसे अधिक है।
रुड़की में भी बढ़े दाम
रुड़की में पेट्रोल 95.29 रुपये प्रति लीटर और डीजल 90.50 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं स्पीड पेट्रोल की कीमत 104.50 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है।
आम लोगों पर बढ़ेगा असर
ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर परिवहन, खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर पड़ सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह बढ़ती रहीं तो आने वाले दिनों में महंगाई और बढ़ सकती है।

