कपकोट में सरयू नदी में बहा 8 वर्षीय बालक, तलाश जारी।
एनएचएल नेटवर्क📡
बागेश्वर। सावन के पहले सोमवार को भगवान शिव के दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। कपकोट स्थित शिवालय मंदिर के समीप सरयू नदी में एक 8 वर्षीय बालक तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया। बच्चे की तलाश के लिए पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है। मिली जानकारी के अनुसार, लाहुर गांव निवासी 8 वर्षीय राकेश अपने परिजनों के साथ शिवालय मंदिर पहुंचा था। इसी दौरान वह सरयू नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पानी में बह गया। घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई और श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आया। पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और नदी में सघन खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक बच्चे का कोई पता नहीं चल सका था और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी था। लगातार हो रही बारिश के कारण सरयू नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। प्रशासन ने लोगों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि नदी किनारे जाने से बचें, बच्चों पर विशेष नजर रखें तथा किसी भी प्रकार का अनावश्यक जोखिम न उठाएं। सुरक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी सलाह दी गई है।

