महाविद्यालय में करियर काउंसलिंग एवं मोटिवेशनल सत्र का सफलतापूर्वक आयोजन।

एनएचएल नेटवर्क।
बेरीनाग। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रों के सर्वांगीण विकास एवं भविष्य निर्माण हेतु प्राचार्य प्रोफेसर बी. एम. पाण्डेय की अध्यक्षता में एक दिवसीय करियर काउंसलिंग एवं मोटिवेशनल सत्र का आयोजन किया गया।
इस विशेष सत्र में मुख्य वक्ता एवं विशिष्ट वक्ता के रूप में पूर्व स्क्वाड्रन लीडर ए. आर. नौटियाल, रिटायर ब्रिगेडियर आर. एस. नौटियाल, रिटायर पोस्टल अधिकारी के. एम. नौटियाल एवं उद्यमिता विशेषज्ञ सुतीक्ष्ण नैथानी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के शुभारंभ में सर्वप्रथम आई. क्यू. ए.सी. समन्वयक डॉ. ललित सिंह रावत ने मुख्य एवं विशिष्ट वक्ताओं का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया।
अपने प्रेरणादायक संबोधन में स्क्वाड्रन लीडर ए. आर. नौटियाल ने छात्रों को जीवन में सफलता प्राप्त करने के मूल मंत्र बताए। उन्होंने भगवद गीता के श्लोकों एवं सिद्धांतों के माध्यम से बताया कि एक छात्र अपने लक्ष्य की प्राप्ति हेतु मानसिक दृढ़ता, आत्म-नियंत्रण एवं कर्म की भावना को अपनाकर जीवन में सफल हो सकता है। उन्होंने युवाओं को आत्मविश्वास, अनुशासन और कड़ी मेहनत को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। आर. एस. नौटियाल ने वर्तमान प्रतिस्पर्धी युग में रोजगार प्राप्ति के विविध आयामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि केवल शैक्षणिक योग्यता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि नेतृत्व के मौलिक गुण, टीम भावना, संवाद कौशल एवं समस्या-समाधान की क्षमता भी सफलता के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने छात्रों को आत्ममूल्यांकन करने एवं अपनी क्षमताओं को पहचानकर सही दिशा में प्रयास करने की प्रेरणा दी। सुतीक्ष्ण नैथानी ने छात्रों को उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि आज का दौर स्टार्टअप और नवाचार का है। यदि छात्र नई सोच के साथ आगे बढ़ें तो वे स्वयं के लिए ही नहीं, बल्कि दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर उत्पन्न कर सकते हैं। उन्होंने डिजिटल युग के अनुरूप कौशल विकास को विकसित करने और आत्मनिर्भर बनने के सुझाव दिए।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. रश्मि सेलवाल ने किया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य प्रोफेसर बी.एम. पांडेय ने सभी मुख्य अतिथियों, वक्ताओं को आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महाविद्यालय में मोटिवेशनल सत्र का संचालन विद्यार्थी के भविष्य निर्माण के लिए अति महत्वपूर्ण है। उन्होंने भविष्य में समय-समय पर ऐसे सत्र के आयोजन की बात कही।कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक,शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

