FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhPoliticspputtarakhand

बरम-कनार सड़क निर्माण की मांग पर चला आ रहा धरना समाप्त, भूख हड़ताल भी खत्म।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल। 

वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू होने पर ग्रामीणों ने जताया शासन-प्रशासन का आभार

​पिथौरागढ़। बरम-कनार सड़क निर्माण की मांग को लेकर जिला मुख्यालय के रामलीला मैदान स्थित धरना स्थल पर कई दिनों से चल रहा ग्रामीणों का धरना और भूख हड़ताल मंगलवार को समाप्त हो गई। सड़क निर्माण के लिए वन भूमि हस्तांतरण की औपचारिकताएं शुरू होने और प्रशासन के ठोस आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने संतोष व्यक्त करते हुए आंदोलन वापस ले लिया।

​मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए शासन और जिला प्रशासन को ग्रामीणों की मांग पर प्राथमिकता से सकारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन ने सड़क निर्माण के लिए आवश्यक वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया से जुड़ी औपचारिकताओं को पूरा करना शुरू कर दिया है।

​मंगलवार को जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, पीएमजीएसवाई धारचूला के अधिशासी अभियंता किशन सिंह ऐरी और उप प्रभागीय वनाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सड़क निर्माण के प्रस्ताव को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर सभी औपचारिकताएं जल्द से जल्द पूरी की जाएंगी।

​प्रशासन की कार्रवाई और आश्वासन पर संतोष जताते हुए ग्रामीणों ने अपना धरना और भूख हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की। साथ ही, उनकी मांग को गंभीरता से लेने और त्वरित कार्रवाई शुरू करने के लिए शासन व जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

​धरना समाप्ति के अवसर पर जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह परिहार, ग्राम प्रधान सरिता देवी, भरत सिंह, चंद्र सिंह, पार्वती देवी, बीरमा देवी, तुलसी देवी और प्रकाश परिहार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Share This News