चमोली: विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की सुरंग में दर्दनाक हादसा, 9 श्रमिकों की मौत; 6 लापता।

चमोली संवाददाता।
चमोली/गोपेश्वर: उत्तराखंड के चमोली जिले में अलकनंदा नदी पर बन रही विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की सुरंग में गुरुवार शाम एक भीषण हादसा हो गया। सुरंग के भीतर अचानक मलबा और पानी आने से नौ श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लापता बताए जा रहे हैं। हादसे में 12 श्रमिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। वहीं, एक श्रमिक को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
3.5 किमी लंबी सुरंग में 1.8 किमी भीतर हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा 13 अगस्त की शाम करीब 6:45 बजे हुआ। उस समय 3.5 किलोमीटर लंबी सुरंग के अंदर लगभग 1.8 किलोमीटर भीतर ‘ग्रेविटी प्वाइंट’ पर पैकिंग का कार्य चल रहा था। सुरंग के भीतर 25 से अधिक श्रमिक मुस्तैद थे।
काम के दौरान अचानक एक तेज धमाके जैसी आवाज हुई और सुरंग के ऊपरी हिस्से से भारी मात्रा में मलबे के साथ पानी का तेज बहाव आ गया। देखते ही देखते सुरंग के भीतर अफरातफरी मच गई और कई मजदूर मलबे तथा पानी की चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शी की आपबीती: “अचानक तेज आवाज हुई और सब बहने लगे”
अस्पताल में उपचाराधीन झारखंड निवासी प्रत्यक्षदर्शी श्रमिक निस्तरा भिंगरा ने हादसे का खौफनाक मंजर बयां करते हुए बताया:
”हादसे के वक्त सुरंग के भीतर सेटेरिंग का काम चल रहा था। अचानक एक बहुत तेज आवाज हुई और पानी-मलबे का तेज बहाव अंदर आया। बहाव इतना तेज था कि श्रमिक इधर-उधर छिटक गए। मैं खुद पानी और मलबे में बहते हुए किसी तरह बाहर की तरफ आया और इस दौरान मलबे में लगातार धंसता जा रहा था।”
एनडीआरएफ का राहत और बचाव अभियान जारी
हादसे की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ (NDRF) और अन्य स्थानीय बचाव दलों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि, रात के समय सुरंग के भीतर गंभीर चुनौतियां पैदा हो गईं।
एनडीआरएफ के असिस्टेंट कमांडेंट आलोक जायरा ने बताया कि सुरंग के भीतर भारी मात्रा में पानी, दलदल और ऑक्सीजन की भारी कमी के कारण सुरक्षा दृष्टिकोण से रात में बचाव अभियान को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा था। शुक्रवार सुबह पौ फटते ही रेस्क्यू ऑपरेशन दोबारा शुरू कर दिया गया है। लापता 6 श्रमिकों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी है।

