चंपावत में मधुमक्खियों के हमले से एक ढाई साल के मासूम की दुःखद मौत।

एनएचएल नेटवर्क।
चंपावत में मधुमक्खियों के हमले से एक ढाई साल के मासूम की दुःखद मौत होने का समाचार है। बच्चा अपने परिजनों के साथ था, जो जंगल के रास्ते शादी में शामिल होने पास के गांव जा रहे थे। मासूम बचाव कर्मियों को जंगल में खाई में पड़ा मिला। प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद के टनकपुर निवासी गणेश राम अपने परिवार के साथ जंगल के रास्ते पड़ोस के गांव अपने साले की शादी में जा रहे थे। रास्ते में अचानक मधुमक्खियों ने उन पर हमला कर दिया। इस दौरान गणेश राम और उसकी पत्नी पार्वती छह महीने की बेटी को लेकर एक ओर को भागे, जबकि 19 साल का भतीजा मनोज उनके ढाई साल के बेटे कार्तिक को लेकर दूसरी ओर भागा। इस बीच मधुमक्खियों के हमले से सभी बेहोश हो गये।सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने सभी को अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान चिकित्सकों ने खाई में अचेत अवस्था में मिले कार्तिक को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य परिजनों का उपचार किया जा रहा है।
मामा की शादी में जा रहे मासूम कार्तिक की मधुमक्खियों के हमले में मौत से पूरा गांव गमगीन है। लाडले की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कार्तिक की छह माह की छोटी बहन है। उसके पिता गणेश राम खेती-किसानी करते हैं जबकि मां पार्वती गृहणी है।

