2027 के चुनावी रण में उतरी यूकेडी: पिथौरागढ़ के लिए जारी किया ‘ऐरी जन संकल्प पत्र’, बड़े वादों की झड़ी।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
पिथौरागढ़। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने अपनी सियासी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। पाण्डवाज स्टेट होटल में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी ने ‘ऐरी जन संकल्प पत्र-2027’ के नाम से अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी किया। यूकेडी के संस्थापक सदस्य व पूर्व विधायक काशी सिंह ऐरी (पिथौरागढ़ से आगामी चुनाव प्रत्याशी), युवा नेता पारस जोशी और जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर पुनेड़ा ने संयुक्त रूप से क्षेत्र के विकास का रोडमैप जनता के सामने रखा।
संकल्प पत्र की प्रमुख घोषणाएं और विकास का खाका:
- शिक्षा और युवा कल्याण: चुनाव जीतने पर पिथौरागढ़ में जनपद का पहला राजकीय बालिका महाविद्यालय, कृषि महाविद्यालय और राज्य का पहला विधि (लॉ) विश्वविद्यालय खोला जाएगा। इसके साथ ही युवाओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन परीक्षा केंद्र स्थापित होगा और हर न्याय पंचायत में आधुनिक मॉडल स्कूल बनाए जाएंगे।
- रोजगार और जनहित के मुद्दे: स्थानीय नौकरियों में मूल निवासियों को प्राथमिकता देने और संविदा कर्मचारियों को स्थायी करने का बड़ा वादा किया गया है। इसके अलावा, जनता को राहत देते हुए स्मार्ट मीटर हटाने की बात भी कही गई है।
- स्वास्थ्य और सम्मान: मेडिकल कॉलेज व जिला चिकित्सालय में शत-प्रतिशत स्टाफ की नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, मेडिकल कॉलेज का नाम जनपद के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रयाग दत्त पंत के नाम पर रखा जाएगा।
- बुनियादी ढांचा और पर्यटन: घाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का वैज्ञानिक तकनीक से स्थायी ट्रीटमेंट होगा। एंचोली में पर्यटक वाहनों के लिए पार्किंग, कौशल्या देवी मंदिर तक ट्रैकिंग रोड और यक्षवती नदी के तट पर रिवर फ्रंट पार्क विकसित किया जाएगा। देहरादून व दिल्ली जैसे प्रमुख शहरों के लिए एसी बस सेवा भी शुरू होगी।
- कला, संस्कृति और पर्यावरण: स्थानीय कलाकारों को मंच देने के लिए ‘छलिया महोत्सव’ की शुरुआत और एक विशेष रेडियो स्टेशन का संचालन किया जाएगा। नगर के केंद्र में ओपन थिएटर और हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान बनेंगे। नैनीपातल लैंडफिल साइट की सफाई व वृक्षारोपण के साथ कूड़े का वैज्ञानिक निस्तारण होगा।
- भ्रष्टाचार पर प्रहार और सुरक्षा: पिथौरागढ़ इंजीनियरिंग कॉलेज के निर्माण कार्यों में हुई वित्तीय अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। महिला सुरक्षा के मद्देनजर पूरे विधानसभा क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाकर कंट्रोल रूम बनाया जाएगा।
- राज्य के बुनियादी सवाल: आपदा विस्थापितों के उचित पुनर्वास, हर घर तक शुद्ध पेयजल व सड़क पहुंचाने के साथ-साथ गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने और जल-जंगल-जमीन पर जनता का अधिकार सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया है।
प्रेस वार्ता के दौरान महानगर अध्यक्ष राम सिंह, कोषाध्यक्ष सूबेदार मेजर गोविंद सिंह बिष्ट, महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष उषा बिष्ट, केंद्रीय उपाध्यक्ष जगत सिंह मेहता, कार्यकारी जिलाध्यक्ष जनार्दन उप्रेती, संसदीय बोर्ड अध्यक्ष चंद्रशेखर कापड़ी, दीवान सिंह वल्दिया, प्रकाश जोशी, केबी उप्रेती और गिरीश जोशी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

